
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव एक बार फिर सुर्ख़ियों में हैं-कारण, बैरिकेडिंग फांदना। लखनऊ में जेपी एनआईसी का गेट पार करने के बाद, अब दिल्ली में चुनाव आयोग की तरफ जाते समय पुलिस ने रोका तो अखिलेश सीधे बैरिकेडिंग लांघ गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मार्च का ऐलान किया था
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सोमवार को सभी विपक्षी दलों ने संसद से चुनाव आयोग दफ़्तर तक मार्च का ऐलान किया था। इसी कड़ी में सपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियों के सांसद सड़क पर उतरे। लेकिन पुलिस ने रास्ते में रोकने की कोशिश की। इस पर अखिलेश बैरिकेडिंग फांद गए और आगे बढ़े। कुछ देर बाद वे और अन्य नेता वहीं धरने पर बैठ गए।
18 हजार वोट चोरी का आरोप
धरने के दौरान अखिलेश ने कहा,
“यूपी में 18 हजार वोट चोरी हुए। इसका शपथपत्र भी दिया गया था, लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था है, लेकिन अब इसका इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है।”
PDA की आवाज़ बुलंद
SIR का बस्ता करो बंद pic.twitter.com/63XP4702bT— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 11, 2025
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में मतदाता सूची से गरीबों और हाशिये पर मौजूद लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। यूपी के कुंदरकी, मीरापुर और अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर हुए उपचुनावों का हवाला देते हुए अखिलेश ने कहा कि वहां भी पुलिस और प्रशासन ने मिलकर चुनाव लूटा।
लखनऊ में भी गेट फांदा था
दिल्ली में बैरिकेडिंग फांदने से पहले अखिलेश लखनऊ में जेपी एनआईसी का ऊंचा गेट भी पार कर चुके हैं। मौका था जेपी जयंती का। सपा ने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण का ऐलान किया था। पुलिस ने एहतियातन गेट पर ताला लगा दिया और भारी फोर्स तैनात कर दी। इसके बावजूद अखिलेश गेट फांदकर अंदर पहुंचे और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
