
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट की है। मूसाझाग थाना पुलिस ने एक अभियान के तहत 204 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वंश गुप्ता के रूप में हुई है, जो दातागंज थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वंश अपने साथी उमर अली के साथ मिलकर हेरोइन की तस्करी कर रहा है।
एक गिरफ्तार, दूसरा फरार
पुलिस टीम ने जाल बिछाकर वंश गुप्ता को पकड़ लिया, लेकिन उसका साथी उमर अली पुलिस को चकमा देकर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने वंश गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
पूछताछ के दौरान वंश गुप्ता ने हेरोइन तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस अब उसके कबूलनामे और अन्य सुरागों के आधार पर फरार आरोपी उमर अली की तलाश में जुट गई है।
[dgv_vimeo_video id=”1130630115″]
नशा नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
इस गिरफ्तारी को नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जा सके। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।

