‘दे दे प्यार दे’ अमिताभ बच्चन के सुपरहिट सॉन्ग पर ठुमके लगाकर जेई निलंबित, महिला एसडीएम को लेकर की गई ये गलती पड़ गई भारी

बुलंदशहर जिले में पावर कॉरपोरेशन के जूनियर इंजीनियर अपने कलीग्स के बीच कुछ ऐसे बहके कि अब उसका खामियाज़ा निलंबन के रूप में भुगत रहे हैं। ये उन लोगों के लिए भी सबक है जो अपने दफ्तर की महिला साथियों या बॉस को लेकर बेहूदा टिप्पणियां करते हैं, फिकरे कसते हैं या फिर उन्हें लेकर अभद्र मजाक करते हैं।
De De Pyaar De song controversy

JE Suspended for Singing ‘De De Pyaar De’ : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक जूनियर इंजीनियर को फिल्मी गीत पर ठुमके लगाना महंगा पड़ गया।  दरअसल पावर कॉरपोरेशन के संजीव कुमार नाम के जेई ने महिला एसडीओ का नाम लेकर फिल्मी गाना गाया और डांस भी किया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर संबंधित एसडीओ को भेज दिया और फिर ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। इसके बाद जेई को निलंबित कर दिया गया है।

दोस्तों या ऑफिस कलीग्स के साथ मस्ती-मजाक कोई नई बात नहीं। लेकिन इस दौरान किसी महिला का सरेआम नाम लेकर फिल्मी गीत गाना और डांस करना हर स्थिति में आपत्तिजनक है। इस घटना में जिस जेई पर कार्रवाई हुई है वो उन्हीं महिला एसडीओ के अधीनस्थ काम करता है। इस मामले पर सोशल मीडिया पर भी आक्रोश देखा जा रहा है और कई लोग इस हरकत के लिए संबंधित जेई सहित वहां मौजूद अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

क्या है मामला

ये वाकया तब हुआ जब बिजली विभाग के कई जूनियर इंजीनियर निजीकरण के विरोध में लखनऊ में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए एक बस में सवार होकर जा रहे थे। माहौल हंसी मजाक का चल रहा था और इसी दौरान बस में अमिताभ बच्चन की फिल्म शराबी का सुपरहिट गीत ‘दे दे प्यार दे’ बजने लगा। और तभी जेई संजीव कुमार ने महिला एसडीओ का नाम लेकर ये गाना गाया और उसपर डांस किया। इस दौरान बस में मौजूद अन्य लोग भी इसे लेकर जमकर हंसी-मजाक करते नज़र आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद JE सस्पेंड

उसी समय वहां पर मौजूद किसी कर्मचारी ने इस घटना का वीडियो बनाकर महिला एसडीओ को भेज दिया। इसके बाद एसडीओ ने पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक को लिखित शिकायत की। महिला एसडीओ ने शिकायत में कहा कि ‘मुझे वॉट्सऐप पर एक वीडियो प्राप्त हुआ, जिसमें जेई संजीव कुमार ने मेरे नाम का उल्लेख करते हुए ‘दे दे प्यार दे’ गाना गाया। यह वीडियो मेरे परिचितों के बीच वायरल हो गया, जिससे मेरी मानहानि हुई है।’ इसी के साथ उन्होंने जेई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। शिकायत के बाद एमडी ने मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की। जांच रिपोर्ट में जेई संजीव कुमार को दोषी पाया गया, जिसके आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि संजीव कुमार और महिला एसडीओ एक ही कार्यालय में कार्यरत हैं, जहां संजीव एसडीओ के अधीनस्थ हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है और लोग इस बात पर जमकर विरोध जता रहा हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews