
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना टीला मोड़ क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों ने एक साथ नौवीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। तीनों बहनों की उम्र महज 12, 14 और 16 साल थी। इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस के अनुसार तीनों बहनें टॉवर नंबर B1 के फ्लैट नंबर 907 में अपने परिजनों के साथ रहती थीं। घटना की रात भी वे अपने मोबाइल फोन पर ऑनलाइन गेम खेलने में व्यस्त थीं। परिजनों ने बताया कि तीनों को गेम खेलने की लत थी और वे अधिकतर समय इसी में बिताती थीं।
परिजनों ने मना किया तो उठाया खतरनाक कदम
मंगलवार की रात जब परिवार के सदस्यों ने तीनों बहनों को ऑनलाइन गेम खेलने से रोका तो वे नाराज हो गईं। परिजनों के मुताबिक बहनों ने उनकी बात नहीं मानी और गुस्से में आ गईं। जब परिवार के लोग कमरे से बाहर चले गए, तभी तीनों ने अपार्टमेंट की नौवीं मंजिल से छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय पुलिस को तुरंत मौके पर बुलाया गया। तीनों बहनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
टीला मोड़ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों के शवों को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तीनों बहनों ने आत्महत्या क्यों की। परिवार का कहना है कि ऑनलाइन गेम की लत और उसे खेलने से रोके जाने पर नाराजगी ही इस कदम की वजह बन सकती है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
एक साथ तीन बेटियों को खो देने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम का माहौल है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सोसाइटी के अन्य निवासी भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।
यह घटना एक बार फिर ऑनलाइन गेम की बढ़ती लत और उसके खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करती है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों और किशोरों में डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल पर नियंत्रण जरूरी है।
कंटेंट राइटर

