सांसद इकरा हसन पर टिप्पणी करने वाले करणी सेना नेता पर पुलिस का शिकंजा, शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू

योगेंद्र सिंह राणा करणी सेना का प्रदेश उपाध्यक्ष है और पीतलनगरी, मुरादाबाद का रहने वाला है। बीते दिनों उसने अपनी फेसबुक आईडी से एक वीडियो और आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जिसमें वह सपा सांसद इकरा हसन को निकाह का प्रस्ताव देता दिखा था।
सांसद इकरा हसन पर टिप्पणी करने वाले करणी सेना नेता पर पुलिस का शिकंजा, शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू

कैराना लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन पर आपत्तिजनक टिप्पणी और निकाह का प्रस्ताव देने वाले करणी सेना नेता ठाकुर योगेंद्र सिंह राणा पर मुरादाबाद पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज होने के बाद पुलिस ने उसके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कटघर थाना पुलिस ने रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी है।

मामला क्या है?

योगेंद्र सिंह राणा करणी सेना का प्रदेश उपाध्यक्ष है और पीतलनगरी, मुरादाबाद का रहने वाला है। बीते दिनों उसने अपनी फेसबुक आईडी से एक वीडियो और आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी, जिसमें वह सपा सांसद इकरा हसन को निकाह का प्रस्ताव देता दिखा था। इस मामले में समाजवादी अधिवक्ता सभा की नेता सुनीता की तहरीर पर कटघर थाने में केस दर्ज हुआ था।

ठगी का केस दर्ज

इसके अलावा, पीतलनगरी निवासी सुमित कुमार ने भी आरोपी के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कराया है। सुमित का आरोप है कि योगेंद्र ने प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर उससे नौ लाख रुपये लिए थे। केवल दो लाख रुपये वापस किए, जबकि बाकी सात लाख हड़प लिए। रकम मांगने पर योगेंद्र ने उसे अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

जांच में जुटी पुलिस

इन दोनों मामलों के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट तैयार कर दी गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews