बीएसपी की बिहार में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी, मायावती ने नीतीश सरकार पर बोला तीखा हमला

बसपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार का रोजगार और नौकरी देने का वादा केवल भाषणों तक सीमित रहता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस बार सोच-समझकर फैसला करें।
बीएसपी की बिहार में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी, मायावती ने नीतीश सरकार पर बोला तीखा हमला

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती इन दिनों लगातार बिहार के मुद्दों पर मुखर हैं। इस बार बसपा बिहार में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और अकेले चुनाव मैदान में उतरेगी।

नौकरी वादे को बताया चुनावी जुमला

सोमवार को मायावती ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्य सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का एक करोड़ रोजगार देने का वादा भी “अच्छे दिनों” जैसे पुराने जुमलों की तरह है। मायावती ने दावा किया कि बिहार की जनता अब इन खोखले वादों से ऊब चुकी है। उन्होंने कहा,

“बिहार में कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति की राष्ट्रीय चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर चुनावी वादा किया है, लेकिन यह हकीकत से कोसों दूर है। यह सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने की साजिश है।”

बसपा सुप्रीमो ने यह भी कहा कि एनडीए सरकार का रोजगार और नौकरी देने का वादा केवल भाषणों तक सीमित रहता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे इस बार सोच-समझकर फैसला करें और चुनाव को बाहुबल, धनबल व सरकारी मशीनरी के प्रभाव से मुक्त बनाने में सहयोग करें।

जनता बहकावे में नहीं आएगी

मायावती ने निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए चुनाव आयोग से अपील की कि वह निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित कराए। उन्होंने कहा कि यदि गरीब, मजदूर, वंचित और मेहनतकश जनता को बिना किसी दबाव के वोट डालने का अवसर मिला, तो एक सच्ची गरीब और सर्वजन हितैषी सरकार बन सकती है।

बनेगी गरीबों की सरकार


एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर अपने पोस्ट के जरिए मायावती ने स्पष्ट संकेत दिया कि बसपा इस बार बिहार में खुद को एक मज़बूत राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने के इरादे से मैदान में उतर रही है। उनके बयानों और रुख से यह भी साफ हो गया है कि आने वाले दिनों में बसपा बिहार में और आक्रामक रणनीति अपनाने वाली है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews