Tax Reform को सीएम योगी ने बताया दिवाली का तोहफा, बोले- नेक्स्ट जेन GST का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को होगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर अब जीएसटी शून्य प्रतिशत होगा, किसानों के लिए खेती के उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है, जिससे उनकी लागत कम होगी।
CM Yogi next-gen GST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास में नेक्स्ट जेन GST पर मीडिया से बात की। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह जो दीपावली का उपहार दिया है, इसका सर्वाधिक लाभ उत्तर प्रदेश को  होगा। हमारे हस्तशिल्पियों/कारीगरों के जो भी प्रोडक्ट होंगे, उन पर अब GST की दर केवल 5% होगी। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश ने व्यापारी कल्याण बोर्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करवाने वाले व्यापारी को 10 लाख रुपये का सुरक्षा बीमा का कवर भी दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को केंद्र सरकार के नए जीएसटी सुधारों की तारीफ की और कहा कि ये सुधार 22 सितंबर से लागू होंगे और इससे आम लोगों, किसानों और छात्रों को बड़ा फायदा होगा, योगी ने बताया कि जुलाई 2017 से पहले टैक्स सिस्टम जटिल था, कई तरह के टैक्स और ऊंची दरों की वजह से ईमानदार करदाताओं को परेशानी होती थी लेकिन जीएसटी लागू होने के बाद ‘एक राष्ट्र, एक कर’ की व्यवस्था ने टैक्स को आसान बनाया, जिससे कारोबार बढ़ा और अर्थव्यवस्था को फायदा हुआ।

PM Modi और वित्त मंत्री को दिया धन्यवाद  

योगी ने कहा जीएसटी में अब पांच प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो स्लैब ही रह गए हैं। केवल लग्जरी सामानों के लिए 40 प्रतिशत जीएसटी का एक स्लैब अलग है। जीएसटी में सुधारों से प्रदेशवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने जीएसटी सुधारों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेश की ओर से धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घर की रसोई हो या किसान या फिर उद्यमी सभी को इससे राहत मिलेगी। दरों में कमी से रोजमर्रा के खर्च में कमी आएगी। खेती की लागत कम होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूती मिलेगी। इलाज सस्ता हो जाएगा। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उत्तर प्रदेश बड़ा उपभोक्ता बाजार 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और एक बड़ा मार्केट भी है इसलिए लाभ भी उत्तर प्रदेश को अधिक होगा, उन्होंने कहा आर्गेनिक तरीके से बनाए जाने वाले पिपरमिंट को सिंथेटिक पिपरमिंट से बड़ी चुनौती मिल रही थी। अब जीएसटी की नई दरों में आर्गेनिक पिपरमिंट पर पांच प्रतिशत व सिंथेटिक बनने वाली पिपरमिंट पर 18 प्रतिशत की दर से कर लगाया गया है, चूँकि उत्तर प्रदेश में पिपरमिंट की खेती खूब होती है इसका फायदा प्रदेश के किसानों को मिलेगा।

कपड़ा उद्योग, जूता उद्योग को मिलेगा लाभ 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा व कानपुर में चमड़ा उद्योग का बड़ा काम है, जीएसटी काउंसिल ने 2500 रुपये तक के जूतों पर पांच प्रतिशत की दर से कर लगाया है इसका लाभ भी इस उद्योग को मिलेगा। 2500 रुपये तक के रेडीमेड कपड़ों पर पांच प्रतिशत टैक्स का लाभ भी प्रदेश को मिलेगा। हस्तशिल्पियों को भी इससे काफी राहत मिलेगी।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews