वाराणसी में शुरू हुई देश की पहली हाइड्रोजन वाटर टैक्सी, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने दिखाई हरी झंडी

केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने काशी के नमो घाट से देश की पहली हाइड्रोजन वाटर टैक्सी की शुरुआत की है। इसमें एक साथ 50 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।
Hydrogen Water Taxi

Hydrogen Water Taxi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को आज एक नई सौगात मिल गई है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने काशी के नमो घाट से देश की पहली हाइड्रोजन वाटर टैक्सी की शुरुआत की है। अब श्रद्धालु इस टैक्सी की सहायता से विश्वनाथ मंदिर तक जा सकते हैं। इस वाटर टैक्सी का किराया और बुकिंग का विकल्प अभी तक नहीं दिया गया है। बहुत ही जल्द किराए की दरें भी तय कर दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह टैक्सी हमारे लिए इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार इसे हमारे देश में बनाया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत का एक उदाहरण है। यह जहाज हाइड्रोजन फ्यूल से चलेगा। यहां कोई शोर नहीं होगा। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में, हमने इस क्षेत्र को पर्यटन के क्षेत्र में केंद्र बिंदु बनाने के लिए ये कदम उठाए हैं।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी इसमें अपना सहयोग दिया है। हम काशी विश्वनाथ धाम को आगे बढ़ाने के लिए यहां इस समुद्री उत्कृष्टता को स्थापित कर रहे हैं। यहां नए कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे ताकि हम मां गंगा के प्रवाह में देश को प्रगति की दिशा में आगे ले जा सकें।

टैक्सी में एक साथ बैठ सकते हैं 50 यात्री

IWAI अधिकारियों ने बताया कि गंगा में पहली बार हाइड्रोजन वाटर टैक्सी चलाई जा रही है। इसमें एक साथ 50 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। इस टैक्सी में पांच हाइड्रोजन सिलिंडर लगे हैं। इसकी रफ्तार 12.038 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी। विकल्प के तौर पर 3 किलोवाट के सोलर पैनल भी लगाए गए हैं। ईंधन रीफिलिंग के लिए चार स्टेशन बनाए जाएंगे।

बता दें कि सफाई के लिए बायो टॉयलेट की व्यवस्था है और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस नई हाइड्रोजन वाटर टैक्सी के जरिए वाराणसीवासियों और पर्यटकों को गंगा के सफर का एक नया, सुरक्षित और स्वच्छ अनुभव मिलेगा और गंगा का खूबसूरत नजारा देखने को मिलेगा।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews