UP WEATHER: कई जिलों में घना कोहरा, शीतलहर के भी आसार, इन स्कूलों में 15 जनवरी तक अवकाश, पढ़े IMD अपडेट

UP Weather Forecast : उत्तर प्रदेश में एक हफ्ते तक घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं कहीं कोल्ड डे व कोल्ड वेव की भी स्थिति बन सकती है। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी को आगे बढा दिया है।
up Weather

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं की वजह से उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। रविवार (11 जनवरी 2026) को सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस बरेली में दर्ज किया गया। सोमवार (12 जनवरी 2026) को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी संभागों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान पूर्वी क्षेत्र के कई जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है, वहीं पश्चिमी यूपी में घने कोहरे के साथ कोल्ड वेव चलने की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ के अनुसार, शीत लहर के चलने से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की कमी आने की संभावना है। फिलहाल एक हफ्ते तक प्रदेश में कहीं भी किसी भी प्रकार की बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। कोहरे के चलते सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। वाहनों की गति धीमी बनी हुई है। गोरखधाम एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस और वैशाली एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

जानिए पूरे हफ्ते के मौसम का हाल

मौसम विज्ञान केन्द्र (IMD), लखनऊ की ताजा दैनिक रिपोर्ट (12 जनवरी 2026) के मुताबिक, 12 से 18 जनवरी तक पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 13 जनवरी को पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। 13 से 18 जनवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। सोमवार से पछुआ हवाओं के असर से तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

इन जिलों में घना कोहरा व कोल्ड वेव

  • नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, मथुरा, अलीगढ़, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सहारनपुर और बिजनौर में घने कोहरे और कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।
  • बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, चित्रकूट, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है।

यूपी के स्कूलों में छुट्टी घोषित

  • जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, शाहजहांपुर, बुलंदशहर, संभल, औरैया के समस्त स्कूलों में कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 14 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। बहराइच, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी और फिरोजाबाद में कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में 14 जनवरी तक अवकाश रहेगा।
  • गोरखपुर व गौतमबुद्ध नगर में 15 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे।  गाजियाबाद में नर्सरी से 5वीं तक के स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे। आगरा जिले में 12वीं कक्षा तक के स्कूल 13 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह अवकाश सभी स्कूल निजी, सरकारी, सीबीएसई, आईसीएसई, अनुदान प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लागू रहेगा।

UP Weather Forecast Report

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews