उत्तर प्रदेश दिवस 2026: लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होंगे मुख्य कार्यक्रम, मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को दिए ये निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार शाम को उत्तर प्रदेश दिवस 2026 की तैयारियों के संबंध में बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन इस वर्ष लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए।
CM Yogi Adityanath

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 (Uttar Pradesh Diwas 2026) के कार्यक्रमों की तैयारियां तेज हो गईं हैं। राज्य के सभी जिलों में कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने गुरुवार शाम को 24 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश दिवस के कार्यक्रमों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि उत्तर प्रदेश दिवस का मुख्य आयोजन इस वर्ष लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जाए। नोएडा शिल्पग्राम गौतमबुद्ध नगर समेत इसका आयोजन सभी जनपदों, देश के अन्य राज्यों व उन देशों में भी भव्य रूप से हो, जहां बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश के निवासी रहते हैं।

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 को लेकर सीएम ने दिए ये निर्देश

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के इन आयोजनों में सरदार वल्लभ भाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा, वंदे मातरम, आनंद मठ से जुड़ी नाट्य प्रस्तुतियों समेत अन्य कार्यक्रम किए जाएं।
  • इसके साथ ही सीएम योगी ने 12 जनवरी को युवा दिवस, 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती, 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस, 25 जनवरी राष्ट्रीय पर्यटन दिवस/मतदाता जागरूकता दिवस व 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह के आयोजन को भव्यता से मनाने के निर्देश दिए हैं।
  • सीएम योगी ने निर्देश दिया कि जनपदों में होने वाले कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, कवियों आदि को अवसर दें। इन प्रतिभाओं को मंच देने से वे प्रोत्साहित होंगे।
  • सीएम योगी ने कहा कि हर जनपद में मंत्रियों, निगम/बोर्ड के चेयरमैन, जनप्रतिनिधियों आदि को आमंत्रित किया जाए।
  • सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान, ओडीओपी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, माटी कला बोर्ड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों व वैज्ञानिकों का सम्मान किया जाए।
  • सीएम योगी ने कहा कि अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तर प्रदेश के जिन लोगों ने उद्यमिता, व्यापार, इनोवेशन, शिक्षा, कला, विज्ञान, प्रशासन आदि क्षेत्रों में अच्छा कार्य किया है। ऐसे तीन से पांच लोगों को सम्मानित भी किया जाए।
  • सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस पर ब्लॉक, नगर व जनपद स्तर पर गायन, वादन, नृत्य, नाट्य प्रतियोगिताएं कराई जाएं।
Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews