अग्निवीर भर्ती के लिए उत्तराखंड सरकार देगी निशुल्क प्रशिक्षण, सभी जिलों में बनेगा केंद्र

उत्तराखंड में सेना की अग्निवीर भर्ती के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खेल विभाग ने निशुल्क प्रशिक्षण देने की मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर ली है।
अग्निवीर भर्ती के लिए उत्तराखंड सरकार देगी निशुल्क प्रशिक्षण, सभी जिलों में बनेगा केंद्र

CM DHAMI

उत्तराखंड में सेना की अग्निवीर भर्ती के इच्छुक युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर खेल विभाग ने निशुल्क प्रशिक्षण देने की मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर ली है। इस योजना के तहत राज्य के सभी जिलों में युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से भर्ती के लिए तैयार किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि उत्तराखंड के अधिक से अधिक युवा सेना में जाकर देश की सेवा कर सकें।

अग्निवीर भर्ती के लिए निशुल्क प्रशिक्षण

खेल विभाग के अनुसार, इस प्रशिक्षण में वही युवक-युवतियां शामिल हो सकेंगे जो उत्तराखंड राज्य के मूल निवासी हैं या राज्य में किसी संस्थान में अध्ययनरत या सेवारत हैं। आवेदकों के लिए हाईस्कूल परीक्षा में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक और प्रत्येक विषय में 33 प्रतिशत से अधिक अंक जरूरी हैं। साथ ही, प्रतिभागी की आयु 16 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।

पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाया गया है। इच्छुक उम्मीदवार अपने जिले के खेल कार्यालय या जिला युवा कल्याण अधिकारी के कार्यालय में पंजीकरण कर सकते हैं। प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे प्रशिक्षण के दौरान किसी शारीरिक परेशानी से ग्रस्त न हों।

ड्रेस कोड का करना होगा पालन

एसओपी के अनुसार, प्रशिक्षण में शामिल होने वाले युवाओं को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना होगा। उन्हें खेल की टी-शर्ट, नेकर, स्पोर्ट्स शूज और मौजे पहनकर आना होगा। इसके अलावा, शरीर पर किसी प्रकार का स्थायी टैटू या अप्राकृतिक निशान नहीं होना चाहिए, क्योंकि सेना भर्ती प्रक्रिया में यह वर्जित माना जाता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की गौरवशाली सैन्य परंपरा रही है, जहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में सेवा करता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरकार युवाओं को अग्निवीर भर्ती से पूर्व प्रशिक्षण दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अग्निवीरों को सेवाकाल पूरा होने के बाद सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का भी निर्णय लिया है।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews