मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में सरकार के 4 साल पूरे होने पर गिनाईं उपलब्धियां, GSDP वृद्धि और नकल विरोधी कानून का किया जिक्र

उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना वृद्धि, नकल विरोधी कानून की सफलता और बड़े निवेश प्रस्तावों को प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया।
Pushkar Singh Dhami

देहरादून: उत्तराखंड में अपनी सरकार के चार साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत खाका पेश किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में हुए आर्थिक और सामाजिक बदलावों पर जोर देते हुए कहा कि देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और विभागीय प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने चार साल पहले जो विश्वास जताया था, सरकार उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास कर रही है।

आर्थिक मोर्चे पर बड़े दावे

सीएम धामी ने आर्थिक उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। जीएसडीपी (GSDP) में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है, जिसके चलते ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 3.76 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले।

धामी ने बताया, “इन प्रस्तावों में से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।” इसके अलावा, 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या 700 से बढ़कर 1750 तक पहुंच गई है। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इसके तहत 2.65 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है।

नकल माफिया पर कड़ा प्रहार

युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उठाए गए कदमों पर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून उत्तराखंड में लागू किया गया है।

“इस कानून के लागू होने के बाद 100 से ज्यादा नकल माफिया जेल की सलाखों के पीछे हैं और 30 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां मिली हैं।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

इसके अलावा, सीएम धामी ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC) और सरकारी भूमि से अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए गए अभियान को राज्य की सांस्कृतिक पहचान बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स में उत्तराखंड को पहला स्थान मिलना और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में अग्रणी श्रेणी में शामिल होना सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली का प्रमाण है।

अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन को दोहराते हुए विश्वास जताया कि ’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा’ और राज्य सरकार इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews