चारधाम यात्रा में LPG संकट की आशंका, CM धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से की मुलाकात, 100 प्रतिशत सप्लाई की मांग

उत्तराखंड की पवित्र चारधाम की यात्रा के बीच कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई को ध्यान में रखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के सामने मांग रखी कि सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह 100 प्रतिशत रखी जाए।
Pushkar Singh Dhami

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत के साथ ही आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चारधाम यात्रा के शुरुआती दिनों में ही लाखों श्रद्धालु धामों में पहुंच चुके हैं। शासन और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खासी व्यवस्थाएं की गईं हैं। मुख्य मार्गों पर ढाबे, रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानें भी खुल गईं हैं जिससे श्रद्धालुओं को समय पर भोजन उपलब्ध होता रहे। इसके साथ ही कई जगहों पर भंडारे की व्यवस्था भी है। ऐसे में सरकार के सामने एक बड़ी चुनौती सामने आ गई है और वह है कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की।

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत में एलपीजी की सप्लाई पर असर पड़ा है। जिसके बाद सरकार ने सभी राज्यों के लिए एलपीजी की सप्लाई को लेकर कई गाइडलाइन भी जारी की हैं। इस बीच, उत्तराखंड में जारी चारधाम की यात्रा पर भी एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई का असर देखने को मिल सकता है। जिसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की और उत्तराखंड की भौगोलिक स्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति इसकी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई जरूरी मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की।

एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई 100 प्रतिशत करने की मांग

मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से अनुरोध किया कि चार धाम यात्रा को आसान, सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के चलाने के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पहले की तरह 100 प्रतिशत रखी जाए। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा में देश और विदेश से लाखों तीर्थयात्री आते हैं, जिससे कमर्शियल एलपीजी की मांग में काफ़ी बढ़ोतरी होती है। इस दौरान, राज्य को लगभग 967,949 कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की जरूरत होती है।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक जवाब दिया और जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया, साथ ही राज्य के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

बता दें कि छह महीने की शीतकालीन बंदी के बाद अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए हैं। बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री अपनी बसों में सवार होकर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से जगह-जगह सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। यात्रियों के विश्राम करने और खान पान की सुविधाओं को भी ध्यान में रखकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews