पुष्कर सिंह धामी ने निभाया अपना पुराना वादा, पूर्व सीएम हरीश रावत के घर चावल का कट्टा लेकर पहुंचे, जानिए पूरी कहानी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सीएम हरीश रावत से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान सीएम धामी ने अपने खेत में उगाए चावल का एक कट्टा उन्हें भेंट कर अपना एक पुराना वादा पूरा किया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।
CM Pushkar Singh Dhami

देहरादून: उत्तराखंड की सियासत में अक्सर एक-दूसरे पर हमलावर रहने वाले नेता जब मिलते हैं, तो तस्वीरें खास हो जाती हैं। ऐसी ही एक दिलचस्प तस्वीर देहरादून से सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के घर पहुंचे। खास बात यह रही कि सीएम धामी खाली हाथ नहीं, बल्कि अपने खेत में उगे चावल का एक कट्टा लेकर गए थे।

यह मुलाकात एक शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन इसके पीछे एक पुराना वादा छिपा था जिसे सीएम धामी ने अब पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने खुद इस मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा कीं, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में इसकी खूब चर्चा हो रही है।

सीएम धामी ने साझा की तस्वीरें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सीएम हरीश रावत से उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर मिलकर उनका हालचाल जाना। इस मौके की कई तस्वीरें शेयर करते हुए सीएम धामी ने लिखा:

“प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय श्री हरीश रावत जी से उनके आवास पर भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर उन्हें अपने खेत के चावल भेंट किए।”- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

सीएम धामी ने इस भेंट को उत्तराखंड की कृषि परंपरा और किसानों की मेहनत का सम्मान बताया। वहीं, हरीश रावत ने भी इस आत्मीयता के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया और इसे आपसी सम्मान और सद्भाव का एक अच्छा उदाहरण कहा।

क्या था वो वादा जो सीएम ने निभाया?

इस मुलाकात के तार एक पुरानी घटना से जुड़े हैं। दरअसल, कुछ समय पहले अपने खटीमा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खेत में हल चलाते नजर आए थे। उनकी खेती-किसानी वाली तस्वीरों पर तब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने टिप्पणी की थी।

उस समय सीएम धामी ने जवाब में कहा था कि जब उनके खेत की फसल तैयार हो जाएगी, तो वह उन्हें भी खिलाएंगे। अब जब फसल तैयार हुई, तो सीएम धामी अपना वादा पूरा करने के लिए चावल लेकर खुद हरीश रावत के घर पहुंच गए। इस सियासी सद्भाव की तस्वीर को लोग मुख्यमंत्री द्वारा अपना वादा निभाने के तौर पर देख रहे हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews