
देहरादून और प्रदेश के अन्य जिलों में हाल ही में आई आपदाओं के मद्देनजर यूपीसीएल प्रबंधन ने प्रभावित उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी बिजली बाधा की सूचना तुरंत 1912 नंबर पर दें। प्रबंध निदेशक अनिल कुमार ने कहा कि सभी फील्ड स्टाफ को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया है और वे पूरे राज्य में बिजली आपूर्ति को जल्दी से जल्दी सुचारू करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने का भी अनुरोध किया है।
मैदान में उतरे फील्ड इंजीनियर और तकनीकी टीम
अनिल कुमार ने बताया कि फील्ड स्टाफ को मैदान में लगाया गया है और सभी जिलों में डिजास्टर रिस्पांस टीम तैनात की गई है। यह टीम बिजली आपूर्ति में किसी भी रुकावट को तुरंत ठीक करने और पोल या तार टूटने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए तैयार है। प्रबंध निदेशक ने कहा कि आपदा जैसी परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति बनाए रखना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन यूपीसीएल उपभोक्ताओं को निर्बाध सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
सावधानी और सुरक्षा पर जोर
यूपीसीएल ने सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और अवर अभियंता को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त और निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी विद्युत अवरोध, पोल गिरने या तार टूटने की सूचना तुरंत मुख्यालय एवं नियंत्रण कक्ष को भेजी जानी चाहिए। साथ ही, लाइन स्टाफ और फील्ड इंजीनियर को सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से करने को कहा गया है। बारिश, आंधी और भूस्खलन जैसी परिस्थितियों में अतिरिक्त सावधानी बरतना भी जरूरी है।
उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील
यूपीसीएल ने उपभोक्ताओं से भी सहयोग की अपील की है कि वे बिजली बाधा या किसी भी पोल, तार या ट्रांसफार्मर में समस्या होने पर तुरंत 1912 नंबर पर सूचना दें। इससे टीम को तुरंत कार्रवाई करने और बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने में मदद मिलेगी। प्रबंध निदेशक ने कहा कि राज्य में बिजली आपूर्ति बनाए रखना प्राथमिकता है और सभी कर्मचारी और अधिकारी इसके लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।
