Uttarakhand Pension: 9.87 लाख लाभार्थियों के खाते में पहुंचे 146.32 करोड़ रुपये, CM धामी ने जारी की जुलाई की पेंशन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग व्यक्ति को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
CM Pushkar Singh Dhami released July pension for beneficiaries

CM Pushkar Singh Dhami released July pension for beneficiaries

उत्तराखंड के 9 लाख 87 हजार से ज्यादा पेंशन लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से जुलाई 2026 की पेंशन राशि जारी की। विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9,87,017 लाभार्थियों के खातों में DBT के जरिए कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए।

बुजुर्गों को मिले 92.34 करोड़ रुपये

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, वृद्धावस्था पेंशन के 6,15,628 लाभार्थियों को 1,500 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 92.34 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं विधवा पेंशन के 2,36,983 लाभार्थियों के खातों में 1,500 रुपये की दर से कुल 35.54 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए।

दिव्यांग पेंशन के 89,128 लाभार्थियों को 1,500 रुपये की दर से कुल 13.36 करोड़ रुपये दिए गए। किसान पेंशन के 27,288 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 3.2 करोड़ रुपये और परित्यक्ता पेंशन के 8,284 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से करीब 99.41 लाख रुपये दिए गए।

इन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भी भुगतान

भरण-पोषण अनुदान के 7,383 लाभार्थियों को 700 रुपये की दर से 51.68 लाख रुपये दिए गए। तीलू रौतेली पेंशन के 2,196 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से 26.35 लाख रुपये और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को 1,200 रुपये की दर से करीब 1.52 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि कुल लाभार्थियों में केंद्र सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं। इन लाभार्थियों को नई SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से भुगतान किया जा रहा है।

पात्र लोगों को समय पर मिले उनका अधिकार: CM धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन की राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी बुजुर्ग, विधवा या दिव्यांग व्यक्ति को पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मान के साथ, समय पर और बिना परेशानी उसका अधिकार मिले, यही सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews