औरंगाबाद हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों से की यह अपील

औरंगाबाद हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों से की यह अपील

भोपाल| महाराष्ट्र के औरंगाबाद (Aurangabad) में हुए रेल हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh chauhan) ने दूसरे प्रदेशों में फंसे मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के मजदूरों से अपील की है| उन्होंने अपनी अपील में कहा है कि वे चिंता न करें। उनकी मध्यप्रदेश सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी। वे धैर्य रखें, पैदल न चलें तथा प्रदेश के कंट्रोल रूम पर संपर्क कर अपनी जानकारी दें। हम आपको प्रदेश वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों में फंसे मध्यप्रदेश के एक लाख 25 हज़ार मजदूरों को प्रदेश वापस लाया गया है। उन्हें लाने के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। ग्यारह ट्रेन मजदूरों को लेकर मध्यप्रदेश आ गई हैं, कल 10 ट्रेन आ जाएंगी तथा अन्य 40 ट्रेनें भी तैयार हैं। वे निर्धारित कार्यक्रमानुसार विभिन्न प्रदेशों से मजदूरों को लेकर मध्यप्रदेश आएंगी। मजदूरों को आने का कोई किराया नहीं चुकाना है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा रेल का किराया भारत सरकार को दिया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि अन्य प्रांतों में फंसे मजदूर भाई हमारे कंट्रोल रूम 0755-2411180 पर सूचना दें तथा रजिस्ट्रेशन कराएं और इंतजार करें। शीघ्र ही आपको मध्य प्रदेश वापस लाने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि महाराष्ट्र में आज हुई दुर्घटना से मन अत्यंत व्यथित एवं दु:खी हुआ है। हमारे 16 मजदूर भाई पैदल चल कर वापस आ रहे थे तथा रेलवे ट्रैक पर सो गए। रेल हादसे में उनकी मृत्यु अत्यंत दुखद है। सरकार ने मंत्री सुश्री मीना सिंह को अधिकारियों की टीम के साथ औरंगाबाद तुरंत भिजवाया है। वे वहां जाकर सारी व्यवस्थाएं कर रही हैं। दिवंगत मजदूरों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा रेल मंत्री से भी उन्हें सहायता देने का आग्रह किया गया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से चर्चा कर अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दिवंगत मजदूरों के पार्थिव शरीर को ट्रेन के माध्यम से जबलपुर लाया जाएगा तथा वहां से उनके घरों को भिजवाया जाएगा।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews