भोपाल में सूखी सेवनिया के पास 100 मीटर सड़क धंसी, बड़ा हादसा टला, MPRDC ने दिए जांच के आदेश

एक बार फिर राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह सड़क MPRDC के अंतर्गत आती है और घटना के बाद प्रशासन और कॉरपोरेशन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंच गए। फिलहाल धंसे हुए हिस्से को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया है। इसी के साथ तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की गई है, जो रिटेनिंग वॉल के ढहने और सड़क धंसने के कारणों की जांच करेगी।
Bhopal Road Collapse

Bhopal Road Collapse

राजधानी भोपाल के सूखी सेवनिया इलाके में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। मंडीदीप से ईंटखेड़ी की ओर जाने वाले ब्रिज के पास लगभग 100 मीटर लंबा सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया। इसके बाद प्रशासन ने एहतियातन सड़क के एक हिस्से को तत्काल बंद करा दिया है।

ये सड़क MPRDC के अंतर्गत आती है और घटना के बाद कॉरपोरेशन के एमडी ने जांच के आदेश दे दिए है और इसकी जांच तीन सदस्यीय कमेटी करेगी। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश की सड़कों पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भोपाल में सड़क धंसी, ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित

भोपाल के स्टेट हाईवे 18 पर स्थित ईस्टर्न बायपास के सूखी सेवनिया रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के पास एक गंभीर घटना सामने आई है। सड़क के किनारे की रिटेनिंग वॉल (आर-ई वॉल) के क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। अच्छी बात ये रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए और क्षतिग्रस्त क्षेत्र को बैरिकेड्स लगाकर पूरी तरह सील कर दिया गया है।

घटना सोमवार दोपहर को सूखी सेवनिया आरओबी के पास हुई, जहां रिटेनिंग वॉल के ढहने से सड़क का एक हिस्सा धंस गया। यह सड़क भोपाल के ईस्टर्न बायपास का हिस्सा है, जो शहर को इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, जयपुर, मंडला और सागर जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ती है। धंसाव के कारण सड़क की एक लेन को बंद कर दिया गया है और यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने चेतावनी संकेत और बैरिकेड्स लगाकर क्षेत्र को सुरक्षित किया है। MPRDC के अधिकारियों ने बताया कि सड़क धंसने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और मरम्मत कार्य तत्काल प्रभाव से प्रारंभ कर दिया गया है।

MPRDC ने दिए जांच के आदेश

घटना की गंभीरता को देखते हुए MPRDC ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। इस समिति की अध्यक्षता चीफ इंजीनियर बी.एस. मीणा, जनरल मैनेजर मनोज गुप्ता और जनरल मैनेजर आर.एस. चंदेल कर रहे हैं। यह समिति रिटेनिंग वॉल के धंसने के कारणों का पता लगाएगी और अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द शासन को सौंपेगी। MPRDC के एमडी ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्तियों या संस्थाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सड़क बनाने वाली कंपनी का अनुबंध किया गया था निरस्त

MPRDC से मिली जानकारी के अनुसार ये सड़क साल 2013 में मेसर्स ट्रॉन्सट्राय प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर (BOT) मॉडल के तहत बनाई गई थी। हालांकि, कंपनी द्वारा अनुबंध की शर्तों का पालन न करने के कारण वर्ष 2020 में उसका अनुबंध निरस्त कर दिया गया था। इस घटना के बाद निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव की कमी पर सवाल उठ रहे हैं। इस घटना के बाद अब आरोप लगने लगे हैं कि अनुबंध निरस्त होने के बाद सड़क के रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिस कारण यह हादसा हुआ।

भोपाल से जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट

[dgv_vimeo_video id=”1126797020″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews