भोपाल में नशे के खिलाफ क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, करीब आधा किलो चरस के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

भोपाल क्राइम ब्रांच ने नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गोविंदपुरा इलाके से 495 ग्राम चरस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और पुलिस अब उनके नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
भोपाल में नशे के खिलाफ क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, करीब आधा किलो चरस के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

भोपाल: राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ भोपाल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने गोविंदपुरा इलाके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग आधा किलो चरस बरामद की है। जब्त की गई चरस की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी इस मादक पदार्थ को बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। क्राइम ब्रांच को मुखबिर से इस बारे में एक सटीक सूचना मिली थी।

खंडहर में चल रही थी डील

क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी कि गोविंदपुरा स्थित टीआईटी मैदान के पास एक खंडहर में दो युवक अवैध मादक पदार्थ बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 495 ग्राम चरस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

पुराने अपराधी हैं दोनों आरोपी

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य गंभीर मामलों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, ये जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गए थे। फिलहाल, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और जब्त किए गए मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews