
भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल (Bhopal) के एक मॉल में नमाज पढ़ने के बाद विवाद होने का मामला सामने आया हैं। कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी इसी तरह का मामला देखा गया था। बता दें कि भोपाल में मॉल में काम करने वाले कर्मचारी ग्राउंड फ्लोर पर बने फायर एग्जिट के पास नमाज पढ़ रहे थे, जिसको लेकर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मॉल में नमाज अता कर रहे लोगों का वीडियो बनाया। यही नहीं कुछ कार्यकर्ता वहां पर भजन करने लगे। विवाद बढ़े इसके पहले वहां पर मॉल प्रबंधन और सुरक्षा स्टाफ पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश दी है। विवाद की खबर लगते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Must Read- मनीष सिसोदिया ने BJP को कहा अनपढ़ों की पार्टी, क्लासरूम विवाद पर किया पलटवार
बजरंग दल का कहना है कि लंबे समय से इस मॉल में सामूहिक नमाज पढ़ी जा रही है, जिसके बारे में अन्य कर्मचारियों की ओर से सूचना दी गई थी। विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे और नमाज पढ़ने वालों का वीडियो बनाया था। बजरंग दल ने इस बात की चेतावनी भी दी है कि यदि मॉल में नमाज पढ़ी जाएगी तो सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा भी पढ़ी जाएगी।
इस मामले में अभी तक दोनों पक्षों में से किसी ने भी शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी थी, जिसके बाद यह मामला शांत हो गया था। मामले को देखते हुए अब मॉल प्रबंधन जल्द ही यहां पर किसी भी तरह की धार्मिक गतिविधि ना करने को लेकर एडवाइजरी जारी करने की बात कह रहा है।
बता दें कि यूपी के लखनऊ के लुलु मॉल में भी नमाज पढ़ने का मामला सामने आया था। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों ने यहां जमकर प्रदर्शन किया था। बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मॉल के अंदर नमाज पढ़ रहे लोगों को गिरफ्तार किया था।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

