हर गली कूचे में रोने की सदा मेरी है : वीडी शर्मा ने क्यों कहा ‘कांग्रेस हमेशा रोती रहती है’, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का वीडियो शेयर किया

ये मामला बैलेट पेपर vs ईवीएम का है। कांग्रेस लंबे समय से EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती रही है और उसकी माँग है कि चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं। लेकिन अब बीजेपी एक पुराना वीडियो लेकर सामने हैं जिसमें पूर्व पीएम राजीव गांधी की एक क्लिप है। इसमें वो लोकसभा चुनाव में किसी तरह की 'गड़बड़ी' की आशंका जता रहे हैं। लेकिन जिस ज़माने की बात हो रही है, उस समय तो बैलेट पेपर के ज़रिए ही वोट पड़ते थे। ऐसे में बीजेपी ने अब कांग्रेस पर हमेशा रोते रहने आरोप जड़ा है।
Congress on Ballot Paper vs EVM

VD Sharma Shares Rajiv Gandhi Old Video : पहले ज़रा ऊपर वाला शेर मुकम्मल कर लें जो फ़रहत एहसास लिख गए हैं ‘हर गली कूचे में रोने की सदा मेरी है/शहर में जो भी हुआ है वो ख़ता मेरी है’। अब जब शेर पूरा हो गया तो बात भी पूरी होनी चाहिए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो वीडियो शेयर किए हैं। एक है पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का और दूसरा है वर्तमान कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का। इस वीडियो के साथ बीजेपी नेता ने लिखा है ‘कांग्रेस हमेशा रोती रहती है’।

दरअसल ये मुद्दा जुड़ा है बैलेट पेपर और ईवीएम से। कांग्रेस लंबे समय से ईवीएम की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाती रही है और माँग करती आई है कि बैलेट पेपर से चुनाव होने चाहिए। लेकिन इस मामले का राजीव गांधी से क्या संबंध है ? और बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा कांग्रेस के ही दो दिग्गज नेताओं के वीडियो के जरिए आखिर क्या कहना चाह रहे हैं। इस मामले को समझने के लिए हमें कुछ पीछे लौटना होगा।

EVM के खिलाफ कांग्रेस 

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ईवीएम को ‘ब्लैक बॉक्स’ बता चुके हैं, वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे बीजेपी की ज़िद करार दिया है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लंबे समय से ईवीएम की विश्वसनीयता पर प्रश्न खड़े करता आया है और हर चुनाव के बाद उसने गड़बड़ी की आशंका ज़ाहिर की है। इसी के साथ कांग्रेस की माँग है कि देश में ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर के माध्यम से वोट डाले जाएं। लेकिन इस मामले में राहुल गांधी और उनके पिता राजीव गांधी के विचार काफी जुदा नज़र आते हैं।

वीडी शर्मा ने शेयर किया पूर्व PM राजीव गांधी का वीडियो

दरअसल, बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व पीएम राजीव गांधी का एक वीडियो एक्स पर शेयर किया है। इसमें राजीव गांधी कहते दिख रहे हैं ‘कुछ गड़बड़ है’। ये वीडियो 1986 के लोकसभा चुनाव के बाद का बताया जा रहा है। उस समय बीजेपी को 86 सीटें मिली थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि राजीव गांधी किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका जता रहे हैं। बता दें कि 1989 के लोकसभा चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हुए थे। लेकिन आज की बात करें तो राहुल गांधी सहित पूरी कांग्रेस लगातार ईवीएम की विश्वसनीयता पर संदेह जता रही है और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की माँग कर रही है।

क्या हुआ था 1989 के लोकसभा चुनाव में

1989 के लोकसभा चुनाव भारत के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुए। इस चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा और उसे 200 से अधिक सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वो 197 सीटों पर सिमट गई, लेकिन फिर भी कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। दूसरी ओर, जनता दल ने 143 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी का स्थान हासिल किया। चुनाव परिणामों के बाद, तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन ने संवैधानिक परंपरा का पालन करते हुए सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस को सरकार बनाने का न्योता दिया। हालांकि, राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देकर यह कहते हुए सरकार बनाने से इनकार कर दिया कि जनता का जनादेश कांग्रेस के खिलाफ आया है।

कांग्रेस के इनकार के बाद जनता दल ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। बीजेपी और वामपंथी दलों के समर्थन से जनता दल की सरकार बनी और वीपी सिंह ने देश के सातवें प्रधानमंत्री के रुप में शपथ ली। यह गठबंधन सरकार उस समय भारतीय राजनीति में एक अनूठा प्रयोग थी, जिसमें विभिन्न विचारधाराओं के दलों ने साथ आकर एक साझा सरकार बनाई थी। इस सरकार को बीजेपी और वामपंथी दल..दो धुर विरोधी विचारधारा वाली पार्टियों का बाहरी समर्थन हासिल था। हालांकि, यह सरकार ज्यादा समय तक टिक नहीं पाई। 11 महीने के भीतर ही बीजेपी ने अपना समर्थन वापस ले लिया, जिसके बाद वीपी सिंह की सरकार गिर गई। यह चुनाव भारतीय राजनीति में गठबंधन युग की शुरुआत का प्रतीक बना और कांग्रेस के लिए लंबे समय तक सत्ता से बाहर रहने की भूमिका भी तैयार की।

बीजेपी का आरोप ‘कांग्रेस हमेशा रोती रहती है’

अब वापस लौटते हैं आज की बात पर। आज बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने एक्स अकाउंट पर राजीव गांधी के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे का वीडियो भी शेयर किया है। इसमें एक तरफ राजीव गांधी बैलेट पेपर के माध्यम से हुए चुनाव को लेकर किसी तरह की गड़बड़ होने की बात कर रहे हैं, वही खड़गे ये माँग कर रहे हैं कि ‘हमें ईवीएम नहीं, बैलेट पेपर पर वोट चाहिए।’ इस तरह कांग्रेस के दो दिग्गज नेता अलग अलग वक्त में अलग अलग बात करते दिख रहे हैं।

बीजेपी ने इन दोनों वीडियो को एक साथ शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस को जब-जब अपनी हार दिखती है, तब-तब वो ऐसा रोना रोती है। वीडी शर्मा ने इस वीडियो के साथ लिखा है कि ‘वो बैलेट के दौर में भी रोते थे, ईवीएम के दौर में भी रो रहे हैं’। इस तरह ईवीएम पर उठाए गए तमाम सवाल और संदेहों के जवाब में बीजेपी ने अब कांग्रेस के ही पूर्व पीएम का वीडियो पेश कर दिया है जिसमें राजीव गांधी बैलेट पेपर से हुए चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका जता रहे हैं। साथ ही, बीजेपी तंज़ कस रही है कि बैलेट पेपर हो या ईवीएम..कांग्रेस का रोना कभी खत्म ही नहीं होता।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews