
CM Mohan Yadav
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनकल्याण को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाकर देश को नई दिशा दी है और उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री आज भोपाल के गुफा मंदिर पहुंचे और हनुमान चालीसा पाठ में शामिल हुए। यहां उन्होंने भगवान हनुमान से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु होने और दीर्घकालीन शासन की कामना की। उन्होंने बाबा महाकाल से भी पीएम मोदी के वर्ष 2029 में फिर प्रधानमंत्री बनने की प्रार्थना की।
पीएम मोदी ने बनाया रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले मोदी अब लगातार 4399 दिनों तक इस पद पर रहने वाले भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम था, जिनका निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल 4398 दिनों का रहा था।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी uw। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की भरपूर प्रशंसा करते हुए कहा कि पीएम मोदी आजादी के बाद देश का सबसे लंबे समय तक नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनकल्याण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे देश के दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता रखते हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि वर्ष 2029 में भी वे देश की सेवा के लिए सफलता प्राप्त करें।” उन्होंने दक्षिण भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि अभी कुछ राज्य ऐसे हैं जहां भाजपा को और विस्तार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान हनुमान की कृपा से पार्टी दक्षिण के शेष राज्यों में भी सफलता प्राप्त करेगी।
बीजेपी संगठन की प्रशंसा
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर भाजपा संगठन की मजबूती का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रचा था और पार्टी आज भी पूरी एकजुटता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की परंपरा पर चलती है और इसी भावना के तहत महेश केवट जैसे कार्यकर्ता को अवसर दिया गया है।
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

