भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर कांग्रेस का हमला, जीतू पटवारी ने मोदी सरकार पर लगाया किसानों के हितों की बलि देने का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में भारतीय किसानों के हितों से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि इस डील के तहत अमेरिका से आने वाले कई कृषि और खाद्य उत्पादों पर टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाएं घटाई गई हैं, जिससे भारतीय बाजार अमेरिका के लिए और खुल जाएगा। कांग्रेस नेता ने कहा कि इससे पहले से संकट झेल रहे भारतीय किसानों पर विदेशी प्रतिस्पर्धा का अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
MP Congress Jitu Patwari

Jitu Patwari

भारत और अमेरिका के बीच घोषित अंतरिम व्यापार समझौता जारी होने के बाद कांग्रेस ने सरकार निशाना साधा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दबाव में भारतीय किसानों के हितों की बलि दे दी है।

उन्होंने संयुक्त बयान का हवाला देते हुए कहा कि जैसा अंदेशा था..वही ही हुआ। कांग्रेस नेता ने कहा कि समझौते में अमेरिका से भारत आने वाले कई कृषि और खाद्य उत्पादों पर टैरिफ हटाने या कम करने की बात साफ तौर पर लिखी गई है। इसमें अमेरिका के फल, dried distillers’ grains, पशु चारे के लिए लाल ज्वार, ड्राई फ्रूट और अन्य कृषि-आधारित उत्पाद शामिल हैं। साथ ही भारत ने अमेरिकी खाद्य और कृषि उत्पादों पर लगे नॉन-टैरिफ बैरियर घटाने पर भी सहमति जताई है, जिसका अर्थ है कि भारतीय बाजार अमेरिका के लिए और अधिक खोला जा रहा है।

जीतू पटवारी ने भारत-अमेरिका डील को लेकर बीजेपी को घेरा

भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर जीतू पटवारी ने कहा है कि पहले से ही लागत, मौसम की मार और नीतिगत दबाव झेल रहे भारतीय किसानों पर इस डील से अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कि यह समझौता संतुलित नहीं दिखता है क्योंकि एक ओर अमेरिकी उत्पादों के लिए रास्ते खोले जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर भारतीय किसानों को विदेशी प्रतिस्पर्धा के सामने असुरक्षित छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘भारत के मेहनतकश किसान जो पहले ही मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों से पीड़ित हैं, उनके सामने अमेरिका के लिए बाज़ार खोलकर और दबाव बढ़ाया जाएगा।’

सरकार से किए सवाल

जीतू पटवारी ने सवाल किया कि क्या इस डील पर सहमति देने से पहले देश के कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सलाह-मशविरा किया गया था। उन्होंने पूछा कि यदि सलाह ली गई थी तो क्या कृषि मंत्री ने किसानों को ऐसे संकट में धकेलने पर सहमति दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला संतुलित नहीं है और पूछा कि भारत के किसानों पर मोदी सरकार यह अत्याचार क्यों कर रही है? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार अमेरिका के सामने “नतमस्तक” होकर ऐसी शर्तें मान रही ह  जिससे भारतीय किसान कर्ज, अन्याय और शोषण के दलदल में और फंस सकते हैं।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews