वंदेमातरम के अपमान पर सीएम डॉ मोहन यादव गुस्से में, जीतू पटवारी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं से मांगा इस्तीफा

मुख्यमंत्री ने कहा भारत माता की जय बोलते बोलते हजारों देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी और यहाँ कांग्रेस के चुने हुए पार्षद भारत माता की जय बोलने से मना  करते हैं वंदेमातरम से भी इंकार करते हैं, ये अपमानजनक है ।
CM Dr. Mohan Yadav

इंदौर नगर निगम में कांग्रेस की दो महिला पार्षदों द्वारा वंदेमातरम गाने से इंकार करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है, खास बात ये है कि इस मामले में कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है और उसने अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया है उधर वंदेमातरम के अपमान पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कांग्रेस पर भड़क गए हैं उन्होंने जीतू पटवारी सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से इस्तीफे की मांग की है।

इंदौर नगर निगम में 8 अप्रैल को हुए घटनाक्रम का सियासी उबाल अभी भी प्रदेश की सियासत को प्रभावित कर रहा है, नगर निगम की चुनी हुई दो महिला पार्षदों रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम द्वारा भरे सदन में भारत के राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम को गाने से इंकार कर दिया उन्होंने कहा इसे गाने के लिए उन्हें इस्लाम इजाजत नहीं देता,  जब सदन में आवाज गूंजी कि भारत में यदि रहना है तो वंदेमातरम कहना होगा तो कांग्रेस की महिला पार्षदों ने यहाँ तक कह दिया कि किसी के बाप में दम हो तो कहलवाकर देख ले…रुबीना खान ने तो अपनी ही पार्टी के लिए भाड़ में जाए कांग्रेस.. तक कह दिया।

कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी सवालों के घेरे में 

मामले में तूल तब और पकड़ा जब इंदौर कांग्रेस जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने ये कह दिया रुबीना अपने आपको अब कांग्रेस से बाहर समझें उन्होंनेउनके निष्कासन का प्रस्ताव बनाकर पीसीसी के पास भेज दिया और कहा कि कांग्रेस की सभी मीटिंगों में वंदे मातरम गाया जायेगा जो गा सकता है वो आये और जो नहीं गा सकता वो नहीं आये, मामला इतना बढ़ जाने के तीन दिन बीतने के भी प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है, जीतू पटवारी ने अब तक इसपर कोई एक्शन नहीं लिया है।

कांग्रेस के इस रवैये पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नाराजगी दिखाई है, सीएम ने कहा मुझे बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि कांग्रेस की पार्षदों ने नगर निगम के अन्दर वंदे मातरम गाने से इंकार कर दिया और बड़ी बेशर्मी से कहा मैं नहीं गाऊँगी ये कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर करता है।

सीएम ने जीतू पटवारी, खड़गे, राहुल गांधी से किये सवाल 

मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़ग, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इसपर स्पष्टीकरण दें वे बताएं कि वे पार्टी के इस तरह के लोगों को प्रोत्साहन क्यों देते हैं? आखिर ये लोग देश को कहाँ ले जायेंगे? देशभक्तों का अपमान क्यों करेंगे ?

मुख्यमंत्री ने कहा भारत माता की जय बोलते बोलते हजारों देशभक्तों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी और यहाँ कांग्रेस के चुने हुए पार्षद भारत माता की जय बोलने से मना  करते हैं वंदेमातरम से भी इंकार करते हैं, डॉ मोहन यादव ने कहा मुझे इस बात का बहुत दुःख है और कांग्रेस नेताओं पर बहुत ग्लानी भी हो रही है।

सीएम ने जीतू पटवारी से मांगा इस्तीफा 

उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जो हर मामले में बोलते रहते हैं वे बताएं उनके गृह जिले में ही उनकी ही पार्टी की पार्षद की टिप्पणी पर उनका क्या कहना है, उन्होंने कहा कि यदि जीतू पटवारी कोई कार्रवाई नहीं कर पाते तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए उनके साथ अन्य कांग्रेस नेताओं को भी इस्तीफा दे देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कभी भगवान राम के बारे में उनके मंदिर के बारे में अनर्गल बातें, हिन्दुओं को अपमानित करने की बाते कांग्रेस नेता करते हैं अब तो ये सीमाओं से बाहर जाकर वंदे मातरम का अपमान कर रहें हैं। डॉ यादव ने कहा कि पीएम मोदी ने वंदे मातरम के सभी 6 छंदों को उसमें जोड़कर पूरे देश का दिल जीत चुके जबकि कांग्रेस ने इसे हटा दिया था ऐसे में आज भी कांग्रेस अपने दोहरे चरित्र से बाहर नहीं आ पाई है।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews