राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी से आक्रोशित MP Congress प्रदेश के प्रत्येक थाने में दर्ज कराएगी एफआईआर, जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से की अपील

एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि राहुल गांधी के लिए भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ तहसील स्तर पर एफआईआर दर्ज कराएं। 
Rahul Gandhi

MP Congress : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी अमेरिका दौरे के बाद भारत लौट आये हैं लेकिन उनके द्वारा अमेरिका में भारत को लेकर दिए गए बयान अभी भी सियासी हलचल मचाये हुए हैं, राहुल गांधी ने अमेरिका में भारत के बारे में जो बातें कहीं उससे भारतीय जनता पार्टी के नेता आक्रोशित हैं और उनके हमले कर रहे हैं लेकिन इन हमलों में कुछ नेता शब्दों की मर्यादा भूल गए और राहुल पर विवादित टिप्पणी कर दी जिसका कांग्रेस मुखर होकर विरोध कर रही है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ विवादित और अमर्यादित टिप्पणी करने वाले केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, उत्तर प्रदेश के मंत्री रघुराज सिंह और महाराष्ट्र की शिंदे शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, मप्र कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि ये नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे और संरक्षण में आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहे हैं।

जीतू पटवारी टीटी नगर थाने में कराएँगे एफआईआर 

मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विरोध करते हुए आज एक वीडियो बयान जारी करते हुए कहा- मैं मध्य प्रदेश कांग्रेस के एक-एक सिपाही से अनुरोध करना चाहता हूं कि आज 17 सितम्बर मंगलवार को वे बड़ी संख्या में एकत्रित हो और राहुल गांधी के लिए भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयानों के खिलाफ तहसील स्तर पर एफआईआर दर्ज कराएं, मैं ख़ुद भी आज शाम 4 बजे भोपाल के टीटी नगर थाने पर पहुँचकर भाजपा नेताओं के आपत्तिजनक बयानों के विरोध में मुक़दमा दर्ज कराऊँगा।

इन नेताओं ने राहुल गांधी पर की है विवादित टिप्पणी 

आपको बता दें कि पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने देश विरोधी बातें करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी को सब्स्से बड़ा आतंकवादी कहा था, इसी तरह  उत्तर प्रदेश के मंत्री रघुराज सिंह ने भी राहुल पर विवादित टिप्पणी की थी तो महाराष्ट्र के शिंदे शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड ने राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को इनाम देने की घोषणा की थी जिसके कारण कांग्रेस आक्रोशित है। 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews