दिल्ली में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रैली: जीतू पटवारी का आह्वान “MP कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता बड़ी तादाद पहुंच राहुल गांधी की आवाज मजबूत करें”

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पूरे प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी जिस “वोट चोरी” के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं, उसे ताकत देने के लिए एमपी से भारी उपस्थिति दर्ज कराना आवश्यक है।
Jitu Patwari

Jitu Patwari

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं से दिल्ली में होने वाली रैली में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वोट चोरी के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं और उस आवाज़ की ताकत बढ़ाने के लिए  एमपी से बड़ी तादाद में कांग्रेसियों को रैली में सम्मिलित होना चाहिए।

बता दें कि कांग्रेस 14 दिसंबर की दोपहर दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित कर रही है। इसका नाम ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ रखा गया है। विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन और कथित रूप से हुई वोट चोरी के खिलाफ यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ देशभर से आए नेता-कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे।

दिल्ली में कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़ रैली’

कांग्रेस मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोलने की तैयारी कर रही है। पार्टी ने 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ नाम से विशाल रैली का आयोजन किया है। यह रैली दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगी और इसमें शामिल होने के लिए देशभर से लाखों कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे। कांग्रेस ने कहा कि “हम SIR के जरिए हो रही वोट चोरी को बेनकाब करेंगे और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेंगे।” विपक्ष का आरोप है कि एसआईआर के नाम पर कई जगहों खासकर विपक्ष शासित राज्यों और जहां आने वाले समय में चुनाव हैं वहां दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक और गरीब वर्ग के करोड़ों मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी इस मुद्दे पर संसद में भी सरकार को घेर चुके हैं।

जीतू पटवारी की एमपी के कांग्रेस नेता-कार्यकर्ताओं से बड़ी तादाद में शामिल होने की अपील

इस रैली में शामिल होने के लिए देश भर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। मध्यप्रदेश से भी सभी बड़े नेता इसमें शामिल होंगे। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेशभर के जिला अध्यक्ष, कमेटी सदस्य, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, वर्तमान विधायक, ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, हर वार्ड पंचायत सदस्य सहित सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से दिल्ली पहुंचकर इस रैली में शामिल होने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि ‘बीजेपी सरकार ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर अविश्वसनीयता पैदा की है। देश में लोकतंत्र खतरे में है, संविधान और वोट का अधिकार खतरे में है। इसके विरोध में राहुल गांधी आवाज़ उठा रहे हैं और हम सबको मिलकर उनकी आवाज़ को बुलंद करना है।’ उन्होंने वीडियो मैसेज जारी कर कहा कि प्रत्येक नेता-कार्यकर्ता इस वीडियो को ही उनका और पार्टी का निमंत्रण समझें और बड़ी तादाद में रैली में शामिल हों।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews