कमलनाथ ने क्यों कहा…’अब दिल्ली जाने में भी शर्म आती है’

उपचुनाव

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| मध्य प्रदेश (MadhyaPradesh) में उपचुनाव (Byelection) के एलान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है| एक दूसरे पर तीखी हमले किये जा रहे हैं| इसी सिलसिले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kamalnath) ने बड़ा बयान दिया| कमलनाथ का कहना है कि उन्हें अब दिल्ली जाने में भी शर्म आने लगी है| भाजपा (BJP) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोग कहते हैं उसी प्रदेश से हो जहां सब बिकने तैयार हैं।

दरअसल, शुक्रवार को भाजपा की पूर्व विधायक पारुल साहू ने कांग्रेस का दामन थाम लिया| पूर्व सीएम और मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी ने उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली। इस दौरान कमलनाथ ने कहा- पारुल साहू की घर वापसी है, इनका पूरा परिवार कांग्रेस में था आज वो भी कांग्रेस में शामिल हो गईं है। कमलनाथ ने कहा पारुल साहू के पिता हमारे पुराने सहयोगी हैं।

शिवराज जेब में नारियल लेकर चलते हैं…
कमलनाथ ने इस दौरान एक बार फिर भाजपा पर निशाना साधा| उन्होंने कहा कि शिवराज जेब मे नारियल लेकर चलते हैं जहां मौका मिलेगा फोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश को कलंकित किया है, आज मध्य प्रदेश का नाम बिकाऊ प्रदेश हो गया है, मुझे दिल्ली जाने में शर्म आती है वहां लोग कहते हैं उसी प्रदेश से हो जहां सब बिकने तैयार हैं। हमारे प्रजातंत्र के साथ जो खिलवाड़ हुआ है उसका फैसला चुनाव में होगा।

कांग्रेस के निशाने पर सिंधिया और समर्थक पूर्व विधायक
उपचुनाव में कांग्रेस ने ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत उनके साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वाले पूर्व विधायकों को निशाने पर लिया है| सोची समझी रणनीति के तहत कांग्रेस लगातार उन्हें ‘गद्दार’ और ‘बिकाऊ’ कहकर टारगेट कर रही है| सिंधिया समेत उनके समर्थक बार बार यह कह कह रहे हैं कि जनता के हित में उन्होंने कांग्रेस छोड़ी| जबकि कांग्रेस यह साबित करने की कोशिश कर रही है कि यह लोग बिकाऊ है| हालाँकि बिकाऊ और गद्दार कहे जाने के आरोपों पर सिंधिया खुद मंच से कमलनाथ और दिग्विजय को ही गद्दार बता चुके हैं| फिलहाल अभी चुनाव की तारीखों का एलान नहीं हुआ है, लेकिन चुनावी माहौल गर्म है, देखना होगा बयानों की यह लड़ाई आगे कहाँ तक जाने वाली है|

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews