मध्य प्रदेश में गर्मी ने दिखाए तेवर, पारा 42°C के पार, नया सिस्टम हो रहा एक्टिव, 16 अप्रैल से चलेगी लू, इन जिलों में अलर्ट

अप्रैल के दूसरे हफ्ते में ही मध्य प्रदेश में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। फिलहाल कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
MP Weather

जैसे-जैसे अप्रैल का महीना आगे बढ़ रहा है वैसे-वैसे मध्य प्रदेश में गर्मी के तेवर भी सख्त होते जा रहे हैं। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। खास करके गर्मी का ज्यादा असर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर जिले में देखने को मिल रहा है। मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को सर्वाधिक अधिकतम तापमान नर्मदापुरम में 42.1 डिग्री डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं रतलाम में 41.4 डिग्री, धार में 40.6 डिग्री, बैतूल में 40.5 डिग्री और रायसेन व श्योपुर में 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। भोपाल, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में पारा 39 डिग्री के आसपास रहा। फिलहाल एक हफ्ते मौसम साफ व शुष्क रहने का अनुमान है। कहीं भी बादल छाने या बूंदाबांदी की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

अगले 48 घंटों में रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सिंगरौली, मंडला, बालाघाट, इंदौर, सीधी, उज्जैन और भोपाल में हीटेवव का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की मानें तो वर्तमान में एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण और एक ट्रफ सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 204 किमी/घंटा की गति पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही है। हालांकि एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिसके असर से आने वाले दिनों में लोगों को चिलचिलाती धूप और तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

अप्रैल अंत में ग्वालियर-चंबल, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में तापमान 40°C से 45 °C तक पहुंचने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का प्रचंड रुप देखने को मिलेगा। बुंदेलखंड और पूर्वी मध्यप्रदेश (विंध्य क्षेत्र) में हीट वेव चलने की आशंका जताई गई है। लगातार बढ़ती गर्मी का अब जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है। जहां सुबह के समय सड़कों पर लोग दिखाई दे रहे हैं वहीं दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है और चिलचिलाती गर्मी के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।

MP WEATHER FORECAST REPORT

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews