कमलनाथ ने प्रदेश की जनता से किए ये बड़े वादे, कहा ‘खुशहाल मध्य प्रदेश के नवनिर्माण के लिए वचनबद्ध’

Kamal Nath promises

MP Assembly Election 2023/Kamal Nath : मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में कई वादें किए हैं। पार्टी ने पिछली बार अधूरे छूटे कई काम करने का वादा दोहराया है, साथ ही कई नए वचन भी दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ लगातार इन वचनों को दोहरा रहे हैं और प्रदेश में खुशहाली लाने का वादा कर रहे हैं।

युवाओं के लिए वचन

कमलनाथ ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा है कि “खुशहाल युवा–खुशहाल मध्यप्रदेश” का लक्ष्य पाने के लिए मैं वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार – युवाओं की मांग अनुसार मध्यप्रदेश में “सरकारी भर्ती का कानून” बनाएंगे। प्रदेश की भर्ती परीक्षाओं में हुए “घोटालों की निष्पक्ष और विश्वसनीय जांच” कराएगी। इसके लिए “भर्ती जांच आयोग” बनाएंगे। घोटाला कर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को “कठोर दण्ड”, जैसे जेल, सुनिश्चित करेंगे। युवाओं को न्याय मिलकर रहेगा। सरकार के “2 लाख रिक्त पदों की भर्ती” वार्षिक कैलेंडर जारी करके करेंगे। ग्राम स्तर के “नए 1 लाख पद बनाकर नौकरी” देंगे। “भर्ती परीक्षाओं के शुल्क में 100% की छूट” देंगे। युवाओं के लिए “1000 करोड़ रुपए का स्टार्ट अप कॉर्पस फंड” बनाएंगे। रुपए “5 लाख करोड़ का वास्तविक निवेश” मध्यप्रदेश के धरातल पर लायेंगे और “1000 नई औद्योगिक इकाईयां और 1 लाख एमएसएमई ईकाई” प्रारंभ कराएंगे। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्योगों में वेतन अंशदान सरकार देगी। स्मार्ट युवा मार्ट, स्माल स्मार्ट मार्ट, ग्रामीण औद्योगिक पार्क और किसान सुपर मार्केट योजनों से युवाओं को रोजगार व स्व– रोजगार देंगे। सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए “वर्दी मेरा अभिमान कार्यक्रम” चलाएंगे। युवाओं को 1500 रुपए से 3000 रुपए प्रतिमाह का आर्थिक सहयोग देंगे।”

तेन्‍दूपत्‍ता संग्राहकों के लिए वचन

“देश का सर्वाधिक वन क्षेत्र मध्‍यप्रदेश में है। लघु वनोपज एवं तेन्‍दूपत्‍ता वन क्षेत्रों के निवासियों की आजीविका एवं आय का मुख्‍य स्‍त्रोत है और इसलिए ”वन से जीवन”  मध्‍यप्रदेश की खुशहाली का एक मुख्य आधार है। वन से जुड़े सभी हितवर्गों की उन्‍नति के लिए मैं वचनबद्ध हूं कांग्रेस सरकार – तेन्‍दूपत्‍ता संग्राहकों की मजदूरी प्रति मानक बोरा 4000 रूपये करेगी। ग्राम समितियों के सामने भुगतान करायेंगे। नया वर्ष प्रारंभ होने के पहले तेन्‍दूपत्‍ता बोनस का वितरण ग्राम सभा के सामने करायेंगे। तेन्‍दूपत्‍ता व अन्‍य लघु वनोपज के लाभांश का 20% भाग स्‍थानीय विकास कार्यों पर व्‍यय करने का अधिकार पेसा / ग्राम समितियों को देंगे। लघु वनोपज की आदर्श व्‍यवस्‍था कायम करेंगे। लघु वनोपज का समर्थन मूल्‍य घोषित कर सरकारी खरीदी से जोड़ेंगे। समितियों के सचिव / प्रबंधक के पद स्‍थानीय आदिवासी युवकों से भरेंगे। लघु वनोपज समितियों के अध्‍यक्ष पद पर वास्‍तविक सदस्‍य ही निर्वाचित हों, ऐसा प्रावधान करेंगे। समितियों का कार्यक्षेत्र बढ़ायेंगे। समितियों के प्रबंधक की वेतन एवं सेवा सम्‍बंधी मांगों पर भी न्याय करेंगे। फड़ मुंशियों की व्‍यवस्‍था को मजबूत बनायेंगे त‍था उनकी न्‍यूनतम आय सुनिश्चित करेंगे। जिला संघ एवं प्राथमिक समितियों के निर्वाचित व मनोनीत प्रतिनिधियों को अधिकार सम्‍पन्‍न कर सम्‍मानजनक भत्‍ता देंगे। तेन्‍दूपत्‍ता संग्राहकों / फड़ मुंशियों का परिवार सहित 25 लाख तक का स्‍वास्‍थ्‍य बीमा व 10 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा करेंगे।”

कोटवारों के लिए वचन

”खुशहाल कर्मचारी से खुशहाल मध्‍यप्रदेश” के नवनिर्माण के लिये मैं वचनबद्ध हूं। मध्‍यप्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम स्‍तर पर सरकार के पहले प्रतिनिधि हमारे कोटवार भाई–बहन होते हैं। कोटवार पीढ़ियों से ग्रामों में महत्‍वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार कोटवारों के भविष्‍य को सुरक्षित एवं उज्‍जवल बनाने के लिए संकल्पित है। कांग्रेस सरकार –  कोटवारों को सम्‍मानजनक पदनाम देगी। कोटवारी व्‍यवस्‍था को मजबूत बनायेंगे। कोटवारों को मोबाईल फोन देंगे। कोटवार प्रथा को परम्‍परागत रखेंगे। भूमिहीन कोटवारों के मानदेय को बढ़ायेंगे। कोटवारों की भूमि सम्‍बंधी मांग पर न्‍याय करेंगे। कोटवारों का परिवार सहित 25 लाख तक स्‍वास्‍थ्‍य बीमा एवं 10 लाख रूपये का दुर्घटना बीमा करेंगे। 65 वर्ष से अधिक उम्र के कोटवारों को पेंशन देंगे।”

गौधन के लिए वचन

“गौ धन से खुशहाल मध्यप्रदेश का विकास” मेरा लक्ष्य है और इसके लिए मैं वचनबद्ध हूं। कांग्रेस सरकार- कांग्रेस ने 1000 गौ शालाओं का निर्माण कर गौ माताओं को घर दिया था। अब फिर से “गौ–धन विकास मिशन” शुरू करेंगे। मध्यप्रदेश में नवीन गौ शालाएं बनाएंगे। गौ माता को भरपेट भोजन के लिए “गौ ग्रास” अनुदान बढ़ाएंगे। गौ विकास योजनाओं के लिए “गौ संरक्षण निधि” बनाएंगे। प्रदेश के हर घर से सहयोग लेंगे। “गौ माता के प्याऊ” बनाएंगे। “नंदनी गौ धन योजना” शुरू करेंगे और 2 रुपया किलो के दर से गोबर खरीदी शुरू करेंगे। स्व सहायता समूहों के माध्यम से गौ काष्ट, दीया, अगरबत्ती, मूर्ति, जैविक खाद आदि का उत्पादन करेंगे। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए “श्वेत क्रांति मिशन” शुरू करेंगे और सहकारी क्षेत्र में दूध खरीदी पर 5 रुपए प्रति लीटर बोनस देंगे। मध्यप्रदेश के “सांची ब्रांड” को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। गौ पालकों को हर साल “राज्य गोपाल श्री सम्मान” से सम्मानित करेंगे। सेवको को नंदिनी गौ धन योजना से जोड़ेंगे। नंदिनी मोबाइल ऐप बनाएंगे। गौ माता की सेवा से हमारे  मध्यप्रदेश में सुख–समृद्धि आएगी, खुशहाली आएगी। कांग्रेस आएगी, खुशहाली आएगी।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews