‘मध्यप्रदेश भवन’ को लेकर कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर साधा निशाना, कहा ‘50% कमीशन राज का नया नजारा’

Kamal Nath

MP Election 2023 : दिल्ली में बने ‘मध्यप्रदेश भवन’ को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। निर्माण की खराब गुणवत्ता को लेकर प्रदेश के आवास आयुक्त ने सरकार को एक पत्र लिखा जिसके बाद एक जांच दल भी गठित कर दिया गया है। अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर शिवराज सरकार पर निशाना साध रही है। कमलनाथ ने कहा है कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार पर कोई कार्रवाई नहीं करते हैं, बल्कि हर काम में भ्रष्टाचार करते हैं।

कमलनाथ ने लगाए आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘शिवराज सिंह चौहान भ्रष्टाचार पर एक्शन नहीं करते, बल्कि हर एक्शन में भ्रष्टाचार करते हैं। मध्य प्रदेश का 50% कमीशन राज हर रोज नए नजारे पेश कर रहा है। दिल्ली में बना नया मध्य प्रदेश भवन इसका ताजा उदाहरण है। मैंने जब दिल्ली में नए मध्य प्रदेश भवन की आधारशिला रखी थी तो किसी भी प्रदेश का सबसे सुंदर भवन बनाने का संकल्प लिया था, लेकिन शिवराज जी ने उसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया। सरकारी अधिकारी खुद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। अभी तो सिर्फ कुछ मदों में भ्रष्टाचार सामने आया है, ईमानदारी से जांच होगी तो यह भ्रष्टाचार का स्मारक साबित होगा। इनका कोई काम भ्रष्टाचार के बिना नहीं हो सकता। सचिवालय से लेकर देवालय तक और विद्यालय से लेकर चिकित्सालय तक शिवराज जी का एक ही मंत्र है: पैसा दो, काम लो।’

गुणवत्ता पर सवाल

बता दें कि दिल्ली में बना मध्यप्रदेश भवन किसी लग्जरी होटल से कम नहीं। 104 कमरो वाले भवन में सारी आधुनिक सुविधाएं हैं और खास तौर पर कॉन्फ्रेस रूम भी बनाया गया है। लेकिन अब पता चल रहा है कि इसकी गुणवत्ता ठीक नहीं है और इसे लेकर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व आवास आयुक्त पंकज राग ने पिछले दिनों प्रदेश सरकार को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में उन्होने डिटेल में जारी जानकारी देते हुए कहा था कि भवन को अपने कब्जे में लेने से पूर्ण इन खामियों की जांच करने की जरुरत है। इसके बाद प्रदेश सरकार ने चार सदस्यीय जांच दल गठित करते हुए उससे जल्द से जल्द रिपोर्ट मांगी है। अब इस मामले पर कांग्रेस हमलावर है और शिवराज सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews