कमलनाथ ने दिवाली पर किया मध्य प्रदेश के नवनिर्माण का संकल्प लेने का आह्वान, प्रदेशवासियों से की ये अपील

Kamal Nath

MP Election 2023/Kamal Nath Promises : दिवाली पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है और मध्य प्रदेश में खुशहाली लाने का वादा दोहराया है। उन्होने आह्वान किया कि आने वाले पांच सालों को रोशन करने के संकल्प के साथ दिवाली मनाएं। उन्होने कहा कि ‘मेरे समर्थन में आपका एक एक कदम मध्य प्रदेश के हर घर में खुशहाली लाने की पहल करेगा। आपका हर कदम महंगाई, बेरोजगारी, अत्याचार और भ्रष्टाचार से राहत के लिए होगा और खुशहाल मध्य प्रदेश के नवनिर्माण के लिए एक दृढ़ संकल्प होगा।’ उन्होने कहा कि इस दीपावली ये संकल्प लें कि शुभ दिवाली शुभ कांग्रेस के साथ आगे बढ़ेंगे और जीवन में खुशहाली लाएंगे। इसी के साथ एक बार फिर उन्होने वचन पत्र में दिए गए वादों को दोहराते हुए उन्हें पूरा करने की बात कही है।

खुशहाल गांवों के लिए वचन

कमलनाथ ने एक्स पर ट्वीट करते हुए कहा कि “खुशहाल गांवों से खुशहाल मध्यप्रदेश” के नवनिर्माण के लिए मैं वचनबद्ध हूं। खुशहाल गांवों के लक्ष्य को साकार करने के लिए कांग्रेस सरकार –  गांव के प्रत्येक परिवार को घरेलू बिजली बिल में 100 यूनिट माफ और 200 यूनिट के बिल हाफ करेगी। किसानों को सिंचाई की 5 एचपी बिजली का बिल माफ और 10 एचपी का हाफ करेंगे। ग्रामीणों को आवास का अधिकार देंगे। आवास के लिए भूमि देंगे। आवासहीनों का सर्वे कराएंगे और आवास योजना से जोड़कर आवास देंगे। गरीबी रेखा का सर्वे कराएंगे और हर जरूरतमंद को अन्न देंगे। किसानों को गेहूं का 2600 रुपए और धान 2500 रुपए समर्थन मूल्य देंगे। जल का अधिकार देंगे। नल जल योजना को सुचारू करने पुराने बकाया बिल माफ कर योजनाओं को फिर शुरू करेंगे। गांव के बच्चों को केजी से 12 वीं तक निः शुल्क शिक्षा और 500 से 1500 रुपए माह देंगे। नंदिनी गौधन योजना शुरू कर गोबर खरीदेंगे। गौ शाला प्रारंभ करेंगे। दूध खरीदी पर 5 रुपया लीटर बोनस देंगे। ग्रामीण स्तर के 1 लाख सरकारी पद बनाकर भर्ती करेंगे। ग्रामीण औद्योगिक पार्क और किसान सुपर मार्केट से ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ेंगे। पात्रों को मनरेगा में 150 दिन तक का रोजगार देंगे। महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देंगे। 500 रुपए में सिलेंडर देंगे। बेटियों को 2.51 लाख का हित लाभ देंगे। विवाह पर 1.01 लाख देंगे। 25 लाख तक का परिवार का स्वास्थ्य बीमा करेंगे। पुश्तैनी आवास में निवासरत को रजिस्ट्री कर मालिकाना हक देंगे।”

नागरिकों का जीवन सुखी बनाने के लिए वचन

“मध्यप्रदेश के भाग्य विधाता भाईयों, बहनों और साथियों, कांग्रेस सरकार आपको 9 अधिकारों से संपन्न करके आपके जीवन को सुखी और समृद्ध बनाएगी – भोजन का अधिकार – हर जरूरतमंद को अन्न का अधिकार देंगे। जल का अधिकार – प्रत्येक नागरिक को जीवन के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। आवास का अधिकार – आवास के लिए भूमि और स्थाई मकान सुनिश्चित करेंगे। बिजली का अधिकार – हर घर को निःशुल्क घरेलू बिजली देंगे। स्वास्थ्य का अधिकार – हर जन को निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। शिक्षा का अधिकार – हर बच्चे को 12 वीं तक निःशुल्क शिक्षा देंगे। रोजगार का अधिकार – हर नागरिक को रोजगार की गारंटी रहेगी। न्यूनतम आय का अधिकार – हर नागरिक को न्यूनतम आय का अधिकार देंगे। सामाजिक न्याय का अधिकार – हर वंचित, जरूरतमंद और पिछड़े के साथ समग्रता से न्याय करेंगे। कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी।”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews