Lok Sabha Election 2024 : इमरती देवी के लिए जीतू पटवारी के बयान पर BJP हमलावर, मंत्री कृष्णा गौर बोलीं- कांग्रेस का चरित्र और मानसिकता महिला विरोधी

मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मैं हमेशा कहती हूँ कि इस देश में कांग्रेस पार्टी का होना ही बहुत बड़ा दुर्भाग्य है क्योंकि ये वो पार्टी है जिसने कभी भारतीय संस्कृति का सम्मान नहीं किया उल्टा संस्कृति को तार तार किया है।
Krishna Gaur

Lok Sabha Election 2024 : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के पूर्व मंत्री इमरती देवी के लिए कहे गए अमर्यादित और अपमानजनक शब्दों ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है, हालाँकि जीतू पटवारी ने अपने बयान पर खेद जताया है लेकिन उस खेद में भी उन्होंने जो कहा है उसे लेकर भाजपा का हमला और तेज हो गया है, उनका खेद उल्टा उनके गले की हड्डी बन गया है।

इमरती देवी के लिए जीतू पटवारी के बयान से सियासी भूचाल 

जीतू पटवारी ने कल गुरुवार की रात ग्वालियर में मीडिया से सवाल के जवाब में इमरती देवी के लिए रस ..चाशनी.. जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जिसके बाद से ही भाजपा उनपर हमलावर है, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर मुख्यमंत्री , प्रदेश अध्यक्ष, मंत्री विधायक सब जीतू पटवारी को आड़े हाथ ले रहे हैं इसी क्रम में मंत्री कृष्णा गौर ने एक प्रेस कांफ्रेस लेकर कांग्रेस पर हमला किया और सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से सवाल किये हैं।

मंत्री कृष्णा गौर बोली- कांग्रेस का होना ही इस देश के लिए दुर्भाग्य 

कृष्णा गौर ने कहा कि जीतू पटवारी के बयान से एक बार फिर साबित हो गया कि कांग्रेस का चरित्र और मानसिकता ही महिला विरोधी है, पूर्व मंत्री दलित समाज की महिला इमरती देवी के लिए जो बयान जीतू पटवारी ने दिया है वो घोर निंदनीय है, उन्होंने कहा कि मैं हमेशा कहती हूँ कि इस देश में कांग्रेस पार्टी का होना ही बहुत बड़ा दुर्भाग्य है क्योंकि ये वो पार्टी है जिसने कभी भारतीय संस्कृति का सम्मान नहीं किया उल्टा संस्कृति को तार तार किया है।

कांग्रेस ने बार बार साबित किया है कि उनके लिए महिलाओं का कोई महत्व नहीं 

कृष्णा गौर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाएं हमेशा से सम्मानीय रही हैं, इसे शक्तिस्वरूपा कहा जाता है, “हम यत्र नारियस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता” के भाव का पालन करने वाले लोग हैं लेकिन कांग्रेस ने बार बार महिलाओं को अपमानित किया है उसने महिला विरोधी बयान देकर साबित कर दिया है कि उसके लिए महिलाओं का कोई महत्व नहीं है। 

 ये सिर्फ इमरती देवी का अपमान नहीं सम्पूर्ण नारी जाति का अपमान  

मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुझे इस बात का दुःख है कि इमरती देवी के लिए जो बयान दिया है वो सिर्फ उनका अपमान ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण नारी जाति का अपमान हैं, एक दलित समाज का अपमान हैं, हम इसकी घोर निंदा करते है, हम कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि उनकी पार्टी में भी महिलाएं है क्या वो उन महिलाओं को भी इसी नजर से देखते हैं? सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी को इस पर जवाब देना चाहिए।

जीतू पटवारी से पूछा- क्या वे अपनी माँ,बहन बेटी में भी चाशनी ढूंढते है?

कृष्णा गौर ने कहा कि जीतू पटवारी को बताना चाहिए कि क्या वो अपने घर की माँ, बहन, बेटी के बारे में भी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं? क्या उनकी नजर बहन, बेटी माँ में भी चाशनी ढूंढती हैं, ये इस बात का परिचायक है कांग्रेस की नीच और घ्रणित मानसिकता इस देश की मातृशक्ति के लिए है।

इमरती देवी के लिए ये अमर्यादित बयान दिया था जीतू पटवारी ने 

गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रियंका गांधी की मुरैना में आयोजित सभा में शामिल होने के बाद ग्वालियर में मीडिया से बात की थी उनसे जब मीडिया ने इमरती देवी के कांग्रेस के समर्थन में प्रचार के वायरल वीडियो के सम्बन्ध में उनकी रे पूछी तो जीतू पटवारी ने कहा कि अब इमरती देवी का रस खत्म हो गया है अन्दर जो चाशनी होती है ..इसलिए अब मैं उनके लिए कोई बात नहीं करूँगा ।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews