Lok Sabha Elections 2024 : विरासत कर के मुद्दे पर कांग्रेस का बीजेपी पर पलटवार, केके मिश्रा ने कहा ‘गांधी परिवार ने देश के लिए प्राण न्यौछावर किए’

कांग्रेस नेता ने पूछा है कि 'पूर्व वित्त राज्य मंत्री श्री जयंत सिन्हा और आपकी ही सरकार के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली जी कौन हैं, जिन्होंने भारतीय संसद में विरासत कर कानून लागू करने की वकालत की थी'। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने अपना सब कुछ देश के नाम कर दिया लेकिन बीजेपी सिर्फ़ देश को लूटने और बेचने का काम कर रही है।
KK Mishra

EOW Corruption Allegations KK Mishra

Lok Sabha Elections 2024 : इस बार लोकसभा चुनावों में संपत्ति का बँटवारा, मंगलसूत्र और विरासत कर जैसे मुद्दे खूब चर्चाओं में हैं। हाल ही में कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के विरासत कर को लेकर दिए एक बयान के बाद भाजपा लगातार आरोप लगा रही है कि वो जनता की संपत्ति छीनना चाहते हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी कई सभाओं में कह चुके हैं कि तत्कालीन पीएम राजीव गांधी ने अपनी माँ की संपत्ति पाने के लिए उस समय लागू विरासत कर ख़त्म करवा दिया। लेकिन इस मुद्दे पर कांग्रेस बीजेपी पर झूठ बोलने का आरोप लगा रही है। एक बार फिर कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने इसे लेकर बीजेपी पर आरोप जड़े है।

विरासत कर पर उठे बवाल के बीच कांग्रेस ने बीजेपी से किए सवाल

केके मिश्रा ने एक्स पर लिखा है कि “अक्ल के अजीरणगण कह रहे हैं की स्वर्गीय राजीव गांधी जी ने अपनी माता स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी की संपत्ति बचाए रखने के लिए देश से “विरासत कर कानून” खत्म किया। शिवराज सिंह चौहान जी और नरेंद्र मोदी  जी के बयानों में ही मतभिन्नता क्यों? सच तो यह है कि इंदिरा गांधी जी ने उनके पिता स्वर्गीय जवाहरलाल नेहरू जी की विरासत इलाहाबाद स्थित “आनंद भवन” 1970 में ही दान कर दिया था, पूर्व की संपत्ति पंडित जवाहरलाल नेहरू पहले ही दान कर चुके थे, तीसरी संपत्ति थी “स्वराज भवन” जिसे स्वर्गीय मोतीलाल नेहरू आजादी के राष्ट्रीय आंदोलन के लिए कांग्रेस पार्टी को दान कर गए थे।”

केके मिश्रा ने कहा ‘देश चलाइए, मुँह नहीं’

उन्होंने सवाल किया कि “तो बचा क्या था ? यदि स्विट्जरलैंड की बैंक में रखा हो तो आप 10 सालों में क्यों नहीं ला पाए ?हिम्मत हो तो अभी भी ED- INCOME TAX,CBI जो आपके जॉकेट के पॉकेट में ही रखे हैं ना, उनके माध्यम से निकाल लीजिए। फिर कह रहा हूं, आप तो यह बता दीजिए कि पूर्व वित्त राज्य मंत्री श्री जयंत सिन्हा और आपकी ही सरकार के पूर्व वित्त मंत्री स्वर्गीय अरुण जेटली जी कौन हैं, जिन्होंने “भारतीय संसद में विरासत कर कानून लागू करने की वकालत की थी”? झूठ फेंकने में कितना गिरोगे ? स्वर्गीय पंडित मोतीलाल नेहरू जी, जवाहरलाल नेहरू जी, इंदिरा गांधी जी,राजीव गांधी जी ने अपनी विरासत और प्राणों को देश,आतंकवाद के खिलाफ और आजादी के संघर्ष में न्यौछावर किया है,इलेक्ट्रोरल बांड, PM केयर फंड के नाम पर अपनी झोली नहीं भरी है ? क्या आपके कुनबों में कोई ऐसा है ? देश चलाइए, जो चला नहीं पा रहे हैं, मुंह नहीं ? आप लोगों ने देश / प्रदेश को लूटने और बेचने के अलावा और किया क्या है, किया हो तो बताइए ?”

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews