MP Election 2023 : सीएम शिवराज के 450 में गैस सिलेंडर की घोषणा को कांग्रेस ने बताया झूठ, 1131 रुपये का कैश मेमो शेयर किया

CG Election 2023

MP Election 2023 : सावन के मौसम की हरियाली बढ़ाते हुए एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि इस महीने में रसोई गैस सिलेंडर सिर्फ 450 रुपये में मिलेगा। विधानसभा चुनाव के दो महीने पहले आखिर उन्होने कांग्रेस के एक बड़े दांवे का जवाब दे ही दिया। उन्होने कहा कि आगे इन कीमतों के लिए कोई स्थायी व्यवस्था भी की जाएगी। लेकिन कांग्रेस ने एक दिन बाद सावन सोमवार पर ही ‘1131’ रुपये में गैस सिलेंडर के कैश मेमो का स्क्रीन शॉट जारी कर बीजेपी और सीएम शिवराज पर फिर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।

रसोई के जरिए वोट साधने की कोशिश

महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस लगातार बीजेपी सरकार पर हमलावर है। इसी साल 19 मार्च को कमलनाथ ने बड़ी घोषणा की थी कि उनकी सरकार आने पर मध्य प्रदेश में गैस सिलेंडर 500 रुपये में दिया जाएगा। ये एक किचन ब्लॉकबस्टर था और साल के शुरुआत में ही कांग्रेस ने इस मेगा अनाउंसमेंट के साथ विधानसभा चुनाव के लिए सबसे मजबूत दांव खेला था। इसके बाद गैस सिलेंडर की कीमत बीजेपी के लिए एक चुनौती थी और एक दिन पहले ही रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना के तहत घोषणा की कि सावन माह में रसोई गैस सिलेंडर सिर्फ 450 रुपये में मिलेंगे और बाद में इसे लेकर स्थायी व्यवस्था की जाएगी। लेकिन कांग्रेस ने इसे फिर बीजेपी का ‘झूठ’ करार दिया है।

कांग्रेस ने लगाया झूठ बोलने का आरोप

एमपी कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक गैस सिलेंडर के कैश मेमो का स्क्रीन शॉट शेयर करते हुए सीएम शिवराज पर झूठा वायदा करने का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि ‘शिवराज का रसोई गैस पर झूठ, — बाज़ार में सिलेंडर 450 रूपये का नहीं, आज इंदौर में 1131 रूपये में मिला सिलेंडर; शिवराज जी, भाषण बाज़ी के पहले होमवर्क भी कर लेते। ठगना उसकी आदत, वो प्रदेश पर मुसीबत है।’ ये कैश मेमो 28 अगस्त को सावन के आठवें सोमवार का है और कांग्रेस के मुताबिक इंदौर शहर में ये बिल जनरेट हुआ है। इसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा सावन के महीने में साढ़े चार सौ में गैस सिलेंडर देने के दावे पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस ने तंज कसा है कि वे सिर्फ भाषणबाजी करते हैं, लेकिन उनके वादे झूठे होते हैं और इसी की बानगी के तौर पर वो फोटो शेयर की है। इससे पहले ही कमलनाथ लगातार शिवराज पर झूठ बोलने के आरोप लगाते हुए ठगराज,नौटंकीबाज, अच्छा एक्टर जैसी उपाधियों से नवाज चुके हैं। अब एक बार फिर गैस सिलेंडर के मुद्दे पर उन्होने बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews