MP News : राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का ‘मौन सत्याग्रह,’ कमलनाथ सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता सत्याग्रह पर बैठे

MP News : राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस का ‘मौन सत्याग्रह,’ कमलनाथ सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता सत्याग्रह पर बैठे

Congress Maun Satyagraha : राहुल गांधी के समर्थन में आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और बड़ी तादाद में कार्यकर्ता ‘मौन सत्याग्रह’ पर बैठे हैं। सुबह 10 बजे से शुरु हुआ मौन सत्याग्रह शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। कांग्रेस देशभर में मौन सत्याग्रह कर अपना शांतिपूर्ण विरोध जता रही है।

बता दें कि मानहानि के मामले में संसद की सदस्‍यता से अयोग्‍य ठहराए जाने और हाल ही में गुजरात हाईकोर्ट द्वारा इस मामले पर दायर याचिका खारिज होने के बाद देशभर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी सिलसिले में आज देश के अलग अलग हिस्सों में कांग्रियों द्वारा ‘मौन सत्याग्रह’ किया जा रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस भी इसमें शामिल है और कमलनाथ के नेतृत्व में राहुल गांधी के समर्थन एवं लोकतंत्र की हत्या के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मौन सत्याग्रह जारी है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

बता दें कि मानहानि केस में राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट द्वारा याचिका खारिज होने के बाद उनके समर्थन में कमलनाथ ने कहा था कि सत्य की राह कठिन है और राहुल गांधी ने यही राह पकड़ी है। उन्होने कहा था कि ‘मानहानि केस में श्री राहुल गांधी के विषय में गुजरात हाईकोर्ट के फैसले के बाद मुझे महात्मा गांधी का कथन याद आता है। बापू ने कहा था कि सत्य का मतलब सत्य बोलना मात्र नहीं है। सत्य का अर्थ है, सत्य की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देना और बड़ी से बड़ी कुर्बानी देकर भी सत्य से विचलित नहीं होना। श्री राहुल गांधी ने सत्य की ऐसी ही कठिन राह पकड़ी है। हम सब उनके साथ हैं। इतिहास गवाह है कि चाहे जितनी परेशानियां आएं, चाहे जितनी परीक्षाएं हों, चाहे जितने षड्यंत्र किए जाएं, लेकिन अंत में जीत सत्य की ही होती है।’ अब एक बार फिर कांग्रेस एकजुट होकर राहुल गांधी के समर्थन में मौन सत्याग्रह कर रही है।

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews