कर्नल सोफिया को लेकर विजय शाह के बयान पर बवाल, जीतू पटवारी ने मांगा मंत्री का इस्तीफा, उमंग सिंघार ने की माफी की मांग

मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह एक बार फिर अपने बयान के बाद विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेस में शामिल कर्नल सोफिया को बिना नाम लिए ‘उनकी जाति की बहन’ कहकर संबोधित करने पर कड़ी आपत्ति जताई है और बीजेपी से सवाल किया है कि क्या वो अपने मंत्री की इस टिप्पणी से सहमत है। इसी के साथ विपक्ष ने पीएम मोदी से मांग की है कि ऐसे अनर्गल बयान के बाद उनका इस्तीफा लिया जाए।
ijay Shah controversial statement

Vijay Shah Controversial Statement : मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इस्तीफे की माँग की है साथ ही कहा है कि वो इस शर्मनाक बयान के लिए माफी मांगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी से पूछा है कि क्या वो इस बयान से सहमत है। सीएम मोहन यादव से माँग की है कि इसपर जवाब लें और पीएम मोदी से उनका इस्तीफा लेने की माँग की है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस बयान के लिए विजय साह से माफी की मांग की है।

बता दें कि सात मई को भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया था। यह कॉन्फ्रेंस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की एयरस्ट्राइक की जानकारी देने के लिए आयोजित की गई थी जो पहलगाम आतंकी हमले का जवाब थी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया ने आतंकी ठिकानों, जैसे मुजफ्फराबाद के सवाई नाला कैंप और बहावलपुर के जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय, के बारे में विस्तृत जानकारी दी और ऑपरेशन के बारे में बताया।

विजय शाह के बयान पर विवाद

मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में हैं। उन्होंने महू में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में अपने संबोधन के कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘उनकी बहन’ और ‘उनके समाज की बहन’ कहकर संबोधित किया। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि ‘जिन लोगों ने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे, उन कटे-पिटे लोगों को हमने उन्हीं की बहन भेजकर उनकी ऐसी की तैसी करवाई। उनके समाज की बहन को भेजा..हमारी मान सम्मान की बहनों के सुहाग का बदला तुम्हारी जाति की समाज की बहनों से कराया।’ इस बयान में उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम लिए बिना उन्हें ‘उनकी बहन’ कहकर संबोधित किया।

कांग्रेस ने मांगा मंत्री का इस्तीफा, माफी की मांग 

इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। साथ ही सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विजय शाह के बयान पर बीजेपी से सवाल किया है कि क्या वे अपने मंत्री की इस बात से सहमत हैं। इसी के साथ उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से इस बयान पर जवाब लेने और पीएम मोदी से उनका इस्तीफा लेने की माँग की है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी इस बयान का कड़ा विरोध किया है और इसकी निंदा करते हुए कहा कि सेना का कोई अधिकारी हो या सैनिक..उसका कोई धर्म नहीं होता..उन्हें हिंदू या मुसलमान के रूप में नहीं गिना जाता है। उन्होंने कहा कि सैनिक का सिर्फ एक धर्म होता है “देश”। बीजेपी बार बार धर्म की बात करते हैं और इस तरह की भाषा उसकी सोच उजागर करती है। उन्होंने इस बयान की निंदा करते हुए विजय शाह से इसके लिए माफी की मांग की है।

[dgv_vimeo_video id=”1083840113”]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews