
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया अपने आपत्तिजनक बयान के बाद विवादों में घिर गए हैं। उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो महिलाओं से बलात्कार और एससी-एसटी-ओबीसी समुदायों को जोड़ते हुए विवादास्पद टिप्पणी करते नज़र आ रहे हैं। इसमें वो कह रहे हैं कि ‘उनके धर्मग्रंथों’ में लिखा है कि यदि कोई व्यक्ति तीर्थयात्रा नहीं कर पा रहा हो तो एससी-एसटी या ओबीसी वर्ग की महिलाओं या बच्चियों के साथ बलात्कार करने से तीर्थ का फल मिलता है।
इसे लेकर अब बीजेपी ने कांग्रेस पर कड़ा हमला किया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने इस बयान को बीमार, विकृत और आपराधिक सोच बताते हुए सवाल किया है कि क्या यही कांग्रेस की असली सोच है। उन्होंने कहा कि आज जब राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं तो जनता उनसे इस बारे में जानना चाहती है कि क्या वो इस बयान और सोच के समर्थन में हैं। इसी के साथ उन्होंने फूल सिंह बरैया से माफी मांगने और कांग्रेस से उनके निष्कासन की मांग भी की है।
फूल सिंह बरैया के बयान पर छिड़ा विवाद
दतिया जिले के भांडेर से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वो कह रहे हैं कि भारत में सबसे ज्यादा रेप एससी-एसटी और ओबीसी समुदाय की लड़की या स्त्रियों के साथ होते हैं। कांग्रेस विधायक इस वीडियो में बेहद आपत्तिजनक बातें कहते नज़र आ रहे हैं। वो कह रहे हैं कि ‘रेप की थ्योरी है कि अगर पुरुष को सुंदर लड़की दिखे तो वो विचलित हो सकता है। लेकिन आदिवासियों, एससी या ओबीसी में कौन सी अतिसुंदर स्त्री है। फिर उनका बलात्कार क्यों होता है। क्योंकि उनके धर्मग्रंथों में इस तरह के निर्देश दिए गए हैं। उनमें लिखा है कि अगर कोई व्यक्ति एससी-एसटी या ओबीसी वर्ग की महिलाओं या बच्चियों के साथ बलात्कार या सहवास करेगा तो उसे अलग अलग तीर्थों का फल मिलेगा। अब अगर व्यक्ति तीर्थ पर नहीं जा पाता है तो उसका विकल्प दिया गया है कि इन वर्गों की बच्चियों या महिलाओं के साथ रेप कर दो।’
बीजेपी ने कांग्रेस पर किया हमला, निष्कासन की मांग
इस बयान ने प्रदेश की सियासत में हलचल ला दी है। बीजेपी अब कांग्रेस विधायक सहित पूरी पार्टी पर हमलावर है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा है कि ये स्त्री-द्वेष, दलित-विरोध और मानवता पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि ‘महिलाओं को खूबसूरती के तराज़ू पर तौलना और एससी-एसटी समाज की महिलाओं के साथ बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को तीर्थ फल कहना यह बयान नहीं, अपराधी मानसिकता की स्वीकारोक्ति है।’ बीजेपी नेता ने कहा कि आज जब राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं, तब देश जानना चाहता है कि क्या यही कांग्रेस की असली सोच है। इसी के साथ उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से फूलसिंह बरैया के निष्कासन और माफी की मांग की है। आशीष अग्रवाल ने कहा कि अगर ऐसा नहीं होता है तो साफ हो जाएगा कि कांग्रेस महिला विरोधी और दलित विरोधी मानसिकता के साथ खड़ी है।
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया का बयान कोई जुबानी फिसलन नहीं, बल्कि बीमार, विकृत और आपराधिक सोच का सार्वजनिक प्रदर्शन है।
महिलाओं को “खूबसूरती” के तराज़ू पर तौलना और एससी-एसटी समाज की महिलाओं के साथ बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को “तीर्थ फल” कहना—
यह बयान नहीं, अपराधी मानसिकता की… pic.twitter.com/DFDW3aljTN— Ashish Usha Agarwal आशीष ऊषा अग्रवाल (@Ashish_HG) January 17, 2026
पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

