
MP News : मध्य प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (MPMOA) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई भयावह घटना के बारे में दुख और चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल कार्रवाई की बात की है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में एक युवा और होनहार डॉक्टर की अस्पताल में हत्या कर दी गई, जहां लोगों की जान बचाई जाती है। यह सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़ा करता है। इस घटना के बाद से सभी में आक्रोश है। युवा डॉक्टर का खोना सिर्फ एक व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय चिंता है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
दरअसल, एमपीएमओए ने अपराधियों के खिलाफ तत्काल और गंभीर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि घटना को लेकर पहले ही विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जा चुका है। इसके बावजूद, मांग की गई है कि पारदर्शिता और तत्परता के साथ जांच कर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो। साथ ही, सरकारी डॉक्टरों के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। इसमें सीसीटीवी कैमरे की स्थापना, सशस्त्र सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और अस्पतालों के भीतर संवेदनशील क्षेत्रों तक कड़े पहुंच नियंत्रण शामिल हैं। इसके अलावा, महिला चिकित्सा अधिकारियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की मांग की गई है।
जीरो टॉलरेंस नीति की स्थापना की मांग
आगे एमपीएमओए ने डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा के लिए जीरो टॉलरेंस नीति की स्थापना और सख्ती से लागू करने करने की मांग की है। इसके अलावा, त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक अदालत का निर्माण, जन जागरूकता अभियान करवाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को ना दोहराया जा सके। साथ ही, डॉक्टरों को बेहतर काम के घंटे, पर्याप्त आराम का समय, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श देने की मांग की गई है।

सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

