
Minister Vishwas Sarang inaugurated Raja Bhoj Sailing Championship
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मंगलवार को अपर लेक खानूगांव में राजा भोज मल्टी क्लास सेलिंग चैंपियनशिप 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भोपाल सिर्फ ताल-तलैयों की नगरी ही नहीं, बल्कि वॉटर स्पोर्ट्स का एक उभरता हुआ वैश्विक गंतव्य है। मध्यप्रदेश वॉटर स्पोर्ट्स में देश का अग्रणी राज्य है। इसका प्रमाण श्रीनगर में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल में हमारे खिलाड़ियों द्वारा अर्जित की गई सफलता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने अनेक पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया है। कार्यक्रम में जीओसी पीएम सब एरिया, मेजर जनरल सुमित काब्थियाल, कमोडोर ईएमई ईसी ब्रिगेडियर अनिल दास, एसएम (सेवानिवृत्त) वाइस प्रेसिडेंट वायएआई मेजर जनरल सोमा पिल्लई, ब्रिगेडियर जी.एस. जुलका (सेवानिवृत्त) सहित सेना एवं खेल विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
2036 ओलंपिक आयोजन में मध्यप्रदेश की संभावनाएं
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के लिए एक सकारात्मक और सशक्त वातावरण बना है। भारत 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की तैयारी कर रहा है। यदि भारत को यह अवसर मिलता है, तो मध्यप्रदेश में शूटिंग, घुड़सवारी और विशेषत: वॉटर स्पोर्ट्स के आयोजन के लिये उत्कृष्ट अधोसंरचना उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि भोपाल का बड़ा तालाब और मां नर्मदा का तट अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए सर्वश्रेष्ठ स्थान हैं। इस दिशा में उन्होंने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से भी आग्रह किया है कि मध्यप्रदेश को वॉटर स्पोर्ट्स के आयोजन का प्रमुख केंद्र बनाया जाए।
सेना और खेल विभाग मिलकर करेंगे वॉटर स्पोर्ट्स का विकास
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खानूगांव अपर लेक पर आर्मी ने वॉटर स्पोर्ट्स की आधुनिक अधोसंरचना विकसित की है। इसे और बेहतर बनाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, भारतीय नौकायन संघ (Yachting Association of India) और आर्मी मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि इस संयुक्त प्रयास से भोपाल को देश का वॉटर स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
युवाओं को मिलेगा मंच : नई प्रतिभाओं का होगा विकास
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। खेलों से न केवल शारीरिक दक्षता और अनुशासन बढ़ता है बल्कि जीवन में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं को अनेक अवसर प्रदान करती है और भविष्य के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में सहायक होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दीं।
प्रतियोगिता की विशेषताएँ
यह प्रतियोगिता भारतीय नौकायन संघ की रैंकिंग प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी ओप्टिमिस्ट (अंडर 16), टेक्नो (अंडर 15), आईएलसीए4 (अंडर 18), आईक्यू फोइल (अंडर 19), 420 मिक्स्ड (अंडर 19) और 29 ईआर (अंडर 19) वर्गों में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
