मध्य प्रदेश: बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, कृषि मंत्री बोले- हर संभव सहायता प्रदान करेगी राज्य सरकार, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है।
मध्य प्रदेश: बारिश-ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, कृषि मंत्री  बोले- हर संभव सहायता प्रदान करेगी राज्य सरकार, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

अचानक बदले मौसम के मिजाज ने मध्य प्रदेश के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बुधवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि से कई जिलों में फसलों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि इस संकट की घड़ी में मोहन सरकार ने किसानों को नुकसान की भरपाई करने का आश्वासन दिया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी किसान को नुकसान की स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। प्रभावित फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए राहत राशि वितरण का कार्य गंभीरता से किया जाएगा।

जिन-जिन जिलों में फसलों को नुकसान, तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश

कृषि मंत्री कंषाना ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। हाल ही में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हुई वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के नुकसान की राहत राशि देने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा। जिन-जिन जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई हैं, वहां तत्काल प्रभाव से जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सर्वे कार्य पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत राशि का भुगतान समय पर किया जा सके।

हर संभव सहायता प्रदान करेगी राज्य सरकार 

कृषि मंत्री कंषाना ने आश्वासन दिया कि किसी भी किसान को नुकसान की स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राज्य सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी। साथ ही उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें तथा स्थानीय प्रशासन के साथ सहयोग करें। सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को शीघ्र राहत प्रदान कर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया जाए। राज्य सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी किसान कल्याण के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।

बुधवार को हुई थी बारिश-ओलावृष्टि, कई जिलों में फसलों को नुकसान

गौरतलब है कि ​बुधवार को इंदौर, उज्जैन, सीहोर, बड़बानी, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, रतलाम सहित आसपास के जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है जिसके चलते गेहूं, अफीम, चना, सरसों, प्याज सहित अन्य फसलें खराब हो गई। मंदसौर जिले में भी टमाटर, गेहूं, धनिया, चना और अफीम की फसल को नुकसान पहुंचा है। सीहोर जिले भी रबी की फसलें प्रभावित हुई हैं।  बता दें कि राज्य सरकार राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) के नियमों के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।

क्या कहता है मौसम विभाग

मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने गुरुवार को भी ग्वालियर, भिंड, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और अलीराजपुर में बादल छाए रहने की बात कही है। फिलहाल 20-21 फरवरी तक मौसम का मिजाज यूही बने रहने का अनुमान है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews