स्वच्छ सर्वेक्षण 2024: मध्य प्रदेश के 8 शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा सम्मान, राष्ट्रपति और केंद्रीय मंत्री करेंगे सम्मानित

मिनी मुंबई और व्यावसायिक राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले इंदौर शहर की पहचान देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में भी है, ये सात वर्षों से लगातार इस गौरव को हासिल किये हुए है और इस बार आठवीं बार इंदौर को ये सम्मान मिलने जा रहा है।
Swachh Survekshan 2024

मध्य प्रदेश के लिए खुशखबरी है और गौरव का पल है कि प्रदेश के 8 शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जायेगा, ये सम्मान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा दिया जायेगा, कार्यक्रम विज्ञान भवन में 17 जुलाई को आयोजित किया जायेगा, सीएम डॉ मोहन यादव ने इसपर ख़ुशी जताई है।

केन्द्र सरकार ने शनिवार को वर्ष 2024 के स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इन सम्मानों में स्वच्छता लीग सम्मान, राष्ट्रपति सम्मान, देश और राज्यों की विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निकायों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिये 17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में एक आयोजन होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू करेंगी।

प्रदेश के 8 शहरों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान 

हर वर्ष की तरह मध्य प्रदेश ने इस वर्ष भी अपनी विजय पताका फहराई है। प्रदेश के आठ शहरों को इस राष्ट्रीय आयोजन में सम्मानित किया जाएगा। ये शहर हैं इंदौर, उज्जैन और बुधनी, भोपाल, देवास और शाहगंज और जबलपुर और ग्वालियर इसमें सुपर लीग श्रेणी में इंदौर, उज्जैन और बुधनी हैं। इस श्रेणी में सिर्फ वे शहर शामिल किए जाते हैं, जिन्होंने पिछले तीन सालों में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया हो और उत्तरोत्तर प्रगति की संभावनाएं सृजित की हों।

इन शहरों को मिलेगा राष्ट्रपति सम्मान 

इसी प्रकार राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने वाले शहरों में भोपाल, देवास और शाहगंज शामिल हैं। इसके अलावा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर जबलपुर और ग्वालियर को उनके उल्लेखनीय प्रयासों के लिये इन शहरों को सम्मानित करेंगे। कचरा मुक्त शहरों की स्टार रेटिंग और ओडीएफ/ वॉटर प्लस के परिणाम भी उसी दिन जारी किए जाएंगे।

सीएम डॉ मोहन यादव ने दी बधाई 

राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के 8 शहरों को पुरस्कार मिलने की घोषणा पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार में मध्य प्रदेश एक बार फिर से गौरवान्वित होगा। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी स्वच्छता कर्मी, नगरीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद, अधिकारी और कर्मचारियों सहित नागरिकों को बधाई दी है।

सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में इंदौर आठवीं बार होगा सम्मानित

उल्लेखनीय है कि इंदौर शहर को स्वच्छता के लिए सुपर स्वच्छ श्रेणी लीग में आठवीं बार सम्मानित किया जाएगा। इंदौर पहले सात बार देश के स्वच्छतम शहर का पुरस्कार प्राप्त कर चुका है। पिछले वर्षों में श्रेष्ठ प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं के आधार पर स्वच्छ लीग पुरस्कार इस वर्ष इंदौर को दिया जाएगा। उज्जैन को 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छ लीग पुरस्कार प्राप्त होगा, जो गर्व का विषय है। इसी प्रकार 20 हजार से कम आबादी वाले नगरों की श्रेणी में बुधनी नगर को भी सम्मानित किया जाएगा।

देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा भोपाल

प्रदेश की राजधानी भोपाल प्राकृतिक सुंदरता के अलावा स्वच्छता के क्षेत्र में भी आदर्श बना है और इस आधार पर देश की सर्वश्रेष्ठ राजधानी के रूप में सम्मानित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता का जो संकल्प लिया है, उसमें मध्य प्रदेश कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि स्वच्छता सर्वेक्षण के इस मापदंड के आधार पर अपने घर, मोहल्ले, कॉलोनी और नगर को स्वच्छ रखें और इस आदर्श जीवन शैली को दुनिया के बीच प्रदर्शित करने का प्रयास करें।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews