‘हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं’ उमंग सिंघार के बयान पर बीजेपी का पलटवार, रामेश्वर शर्मा बोले- आदिवासी समाज को ईसाई बनाने की साजिश

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आदिवासियों को अपनी संस्कृति, परंपरा व धरोहर को पहचान देने की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति पूजक है, वो हिंदू नहीं है। उनके इस बयान पर बीजेपी विधायक ने हमला करते हुए कहा कि वे सोनिया गांधी को खुश करने के लिए आदिवासियों के गले में क्रॉस लटकाने का षड्यंत्र कर रहे हैं।
Umang Singhar on Hindu

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि ‘हम आदिवासी हैं हम हिंदू नहीं है’। उन्होंने कहा कि मैं यह बात कई सालों से कहता आ रहा हूँ। वह शबरी ही थीं जिन्होंने भगवान राम को जंगल में बेर खिलाए थे, वह भी आदिवासी थीं। हमें अपने समाज की परंपराओं, धरोहर और संस्कृति को पहचान देना होगी। हम उस पहचान के बिना अधूरे हैं।

उनके इस बयान पर बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी को खुश करने के लिए  उमंग सिंघार आदिवासियों के गले में क्रास लटकाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति आदिवासियों की गोद और कोख में पलती है और यही हमारी सनातन संस्कृति है।

उमंग सिंघार ने कहा ‘हम आदिवासी हैं, हिंदू नहीं’ 

उमंग सिंघार मध्यप्रदेश आदिवासी विकास परिषद की जिला कार्यकारिणी की बैठक एवं सम्मान समारोह में पहुंचे थे। वहां उन्होंने कहा कि हम आदिवासी है..हम हिंदू नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ‘मैं ये बात कई सालों से कहता आ रहा हूं। शबरी भी आदिवासी थीं जिन्होंने श्रीराम को बेर खिलाए थे। जो आदिकाल से वास कर रहे हैं वे आदिवासी हैं। जो प्रकृति की, सूर्य की, गाय की, फसल की पूजा कर रहे हैं वो आदिवासी है और वो हम है। हम किसी समाज का अपमान नहीं करना चाहते हैं। लेकिन हमें हमारे समाज को, परंपराओं को, संस्कृति को, धरोहर को पहचान देनी होगी। हम उस पहचान के बिना अधूरे हैं। सरकारें कोई भी आए-जाए लेकिन हमारे समाज का मान सम्मान हर पार्टी को रखना पड़ेगा। समाज बड़ा होता है और समाज के हाथ में लगाम होनी चाहिए।’ उन्होंने कहा कि हमें व्यक्ति केंद्रित नहीं बल्कि समाज केंद्रित होना चाहिए और आदिवासी समाज के हित के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

रामेश्वर शर्मा का आरोप ‘आदिवासी समाज को ईसाई बनाने की साज़िश’

वहीं, अब बीजेपी ने उनके इस बयान को लेकर उन्हें घेरा है। बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने आरोप लगाया कि उमंग सिंघार सोनिया गांधी को खुश करने के लिए आदिवासी समाज के गले में क्रॉस लटकाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप सोनिया गांधी को प्रसन्न कर सकते हैं लेकिन हिंदुस्तान आपसे नाराज़ हो जाएगा। इस देश में भगवान राम ने भी भीलनी मां के जूठे बेर खाए। यही भारत की सनातन संस्कृति और सभ्यता है जिसे आदिवासी समाज दिल से गर्व के साथ स्वीकर कर पालन करता आया है। हजारों आदिवासियों ने भारत की आजादी की लड़ाई लड़ी। भोले-भाले आदिवासियों को बहलाकर आप सोनिया गांधी को प्रसन्न करने की कोशिश मत करो।’ बीजेपी नेता ने कहा कि उमंग सिंघार चाहे जितने प्रयास कर लें लेकिन भारत का आदिवासी समाज सनातन की ही जय-जयकार करेगा और कभी ईसाई नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नेता आदिवासी समाज को ईसाई बनाने की साज़िश करेंगे तो हिंदुस्तान उनसे नाराज़ हो जाएगा।

[dgv_vimeo_video id=”1115737909″]

[dgv_vimeo_video id=”1115739175″]

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews