युवाओं को संगठित, सशक्त एवं नेतृत्वशाली बनाएगी सरकार, प्रत्येक विधानसभा में स्थापित होगा युवा शक्ति मिशन

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों एवं तकनीकी विशेषज्ञों के सतत कौशल उन्नयन और क्षमता विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए।
Minister Vishvas Sarang

Minister Vishvas Sarang

मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए राज्य सरकार युवा शक्ति मिशन की स्थापना के लिए एक विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाये, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार प्रदेश के युवाओं को संगठित, सशक्त एवं नेतृत्वशाली बनाया जायेगा। खेल मंत्री ने कहा कि योजनाओं का लाभ हर खिलाड़ी और युवाओं तक पहुँचे इसके लिए सतत निगरानी और परिणामोन्मुखी कार्यप्रणाली अपनाई जाए।

कैबिनेट मंत्री सारंग ने मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में केंद्रीय बजट वर्ष 2026-27 के संदर्भ में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। सारंग ने अधिकारियों को केंद्रीय बजट वर्ष 2026-27 में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए स्वीकृत प्रावधानों एवं निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में हासिल करने के लिए एक पृथक एवं ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। 

हर विधानसभा में स्थापित होगा युवा शक्ति मिशन

मंत्री विश्वास सारंग ने प्रदेश के युवाओं को संगठित, सशक्त एवं नेतृत्वशाली बनाने के उद्देश्य से हर विधानसभा क्षेत्र में युवा शक्ति मिशन की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मिशन के माध्यम से युवाओं को नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण एवं खेल गतिविधियों से जोड़ा जाएगा जिससे प्रदेश का युवा वर्ग विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके।

संभाग स्तर पर युवा केंद्रित गतिविधियों का आयोजन 

सारंग ने युवा कल्याण गतिविधियों को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को समान अवसर प्राप्त होंगे तथा उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच मिलेगा।

उपलब्धियों, नवाचारों, सफल मॉडलों का प्रचार-प्रसार

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों एवं तकनीकी विशेषज्ञों के सतत कौशल उन्नयन और क्षमता विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने खेलों में नवाचार को प्रोत्साहित करने पर बल देते हुए निर्देश दिए कि विभाग की उपलब्धियों, नवाचारों एवं सफल मॉडलों का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए जिससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़े और मध्यप्रदेश की सकारात्मक छवि राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो।

पीपीपी मॉडल को लेकर दिए निर्देश 

विश्वास सारंग ने खेल अधोसंरचना के विकास हेतु पीपीपी मॉडल को प्रभावी रूप से लागू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार होगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews