नई कार्यकारिणी में सिंधिया समर्थकों को जगह नहीं मिलने पर वीडी शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, कही यह बात

नई कार्यकारिणी में सिंधिया समर्थकों को जगह नहीं मिलने पर वीडी शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, कही यह बात

भोपाल, डेस्क रिपोर्ट| बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा (VD Sharma) ने बुधवार को अपनी टीम का एलान कर दिया| बीजेपी की नई कार्यकारिणी में शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, कैलाश विजयवर्गीय नरोत्तम मिश्ना के करीबियों को जगह मिली है, लेकिन ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों (Scindia Supporters) को निराशा हाथ लगी है| शर्मा की टीम में सिंधिया के एक ही समर्थक मदन कुशवाहा को जगह मिली है। इसको लेकर कांग्रेस (Congress) तंज कस रही है| सिंधिया समर्थक नेताओं को कार्यकारिणी में जगह नहीं दिए जाने के सवाल पर अब वीडी शर्मा ने चुप्पी तोड़ी है|

सिंधिया समर्थकों को संगठन में जगह नहीं मिलने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सिंधिया बीजेपी का अभिन्न अंग हैं| उनके साथ आए नेता सीनियर नेता हो गए हैं, समय के अनुसार जो आवश्यकता है, उसके अनुरूप पदाधिकारी बनाए गए हैं। इस दौरान उन्होंने कहा ये टीम वीडी नहीं है, ये टीम भाजपा है। भाजपा के कोई व्यक्ति विशेष नहीं सभी भाजपा के कार्यकर्ता हैं। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी चार्टर्ड एकाउंटेंट को दिए जाने पर उन्होंने कहा पार्टी की आर्थिक व्यवस्था पारदर्शी तरीके से संचालित हों, इसके लिए कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी जानकारों को दी गई है। उन्होंने कहा कि जिलों की कार्यकारिणी में भी हिसाब-किताब के जानकारों को कोषाध्यक्ष व सह कोषाध्यक्ष बनाया जाएगा।

कांग्रेस पर साधा निशाना, सज्जन के बयान को बताया उनकी मानसिकता
वीडी शर्मा ने कांग्रेस द्वारा राम मंदिर निर्माण में धन संग्रहण किये जाने पर कहा अगर कांग्रेस के ज्ञान चक्षु खुल गए हैं तो ये भगवान राम की ही कृपा है, क्योंकि कांग्रेस तो राम पर हमेशा सवाल खड़ी करती आई है| कांग्रेस ने समाज और देश भक्ति का काम कभी नहीं किया| कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा के लड़कियों की शादी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर भी उन्होंने निशाना साधा| शर्मा ने कहा कि सज्जन सिंह वर्मा का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बयान उनकी मानसिकता को प्रदर्शित करता है। बाल संरक्षण अधिकार आयोग ने भी सज्जन सिंह के बयान पर संज्ञान लेकर उनसे जबाव मांगा है, सज्जन सिंह वर्मा ने ऐसे शब्द उपयोग किये है जिन्हें हम बोल तक नहीं सकते हैं।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
Gaurav Sharma

निदेशक और संपादक

पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma →
Follow Us :GoogleNews