एमपी अजब है : ‘गुड़ की खेती’ के बाद अब ‘गुड़ का बीज’, सीएम हेल्पलाइन में किसान ने की शिकायत, गुड़ का बीज दिलाने की मांग

हिंदुस्तान के दिल में आपने बंदर, हाथी, बारहसिंघा के साथ पचमढ़ी सतपुड़ा का अजूबा और मार्बल का पहाड़ तो देखा होगा, लेकिन क्या कभी खेतों में गुड़ के फूल देखे हैं। इन दिनों मध्यप्रदेश की सियासत में कुछ ऐसी ही मजेदार खबर तैर रही है..जहां लोग गुड़ के पौधे, गुड़ के खेत और गुड़ के बीज की बात कर रहे हैं। मामला मुख्यमंत्री के एक बयान से जुड़ा है, जिसने रोचक श्रृंखला को जन्म दे दिया है।
Jaggery Seed Complaint CM Helpline

Jaggery Seed Complaint

‘गुड़ की खेती’ के बाद अब ‘गुड़ के बीज’ चर्चा में है। मामला मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक बयान से जुड़ा हुआ है। दरअसल बैतूल में दिए गए एक बयान के बाद सीएम सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल हो रहे हैं। इस बयान में उन्होंने कहा था कि ‘बैतूल में गुड़ बहुत अच्छा होता है। ऐसे में गुड़ के उत्पादन को बढ़ाने के लिए एक क्लस्टर बनाना चाहिए। बताओ कौन कौन गुड़ लगाता है जिनकी अपनी खेती होती है’।’ इस बयान के बाद कांग्रेस ने भी ‘गुड़ की खेती’ को लेकर मुख्यमंत्री को जमकर घेरा था।

अब इस बयान के आधार पर दमोह में एक शख्स ने ‘गुड़ के बीज’ की मांग की है। न सिर्फ मांग बल्कि इसे लेकर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में इसका शिकायत तक दर्ज करा दी है। अपना नाम चंद्रपाल सिंह परिहार बताने वाले व्यक्ति ने कहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा कही गई बात के अनुसार उन्हें गुड़ के बीज चाहिए और ग्राम सेवक उन्हें ये बीज नहीं दे रहे हैं। इस शिकायत को बाकायदा सीएम हेल्पलाइन में रजिस्टर किया गया है।

मुख्यमंत्री के ‘गुड़ की खेती’ वाले बयान ने मचाई हलचल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बैतूल में मंच से कुछ ऐसा कह दिया जिसकी चर्चा अब देशभर में हो रही है। उन्होंने गुड़ का उत्पादन बढ़ाने के लिए क्लस्टर बनाने की बात पर किसानों से पूछ लिया कि कौन अपने खेत में गुड़ लगाता है। निश्चित तौर पर ये ‘स्लिप ऑफ टंग’ का मामला था लेकिन कांग्रेस ने ये मौका बिलकुल नहीं चूकने दिया। एक तरफ जीतू पटवारी सहित कई नेताओं ने उन्हें इस बयान के लिए घेरा, वहीं नीमच में तो कांग्रेस ने एक प्रदर्शन कर जिला प्रशासन को ‘गुड़ के बीज’ मुहैया कराने का ज्ञापन तक दे डाला।

किसान ने सीएम हेल्पलाइन में की ‘गुड़ के बीज’ की मांग

लेकिन ये मामला यहीं पर जाकर नहीं थमा..अब एक व्यक्ति ने सीएम हेल्पलाइन पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई है कि वो अपने खेत में गुड़ की खेती करना चाहते हैं लेकिन ग्राम सेवक द्वारा उन्हें गुड़ के बीज उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने अपना नाम चंद्रपाल सिंह बताया है जो दमोह जिले के ग्राम देवरान के रहने वाले हैं। उन्होंने किसान अमन ठाकुर की तरफ से शिकायत दर्ज कराई है कि वो दो एकड़ खेत में गुड़ की खेती करना चाहते हैं।

गुड़ का बीज न मिलने की शिकायत रजिस्टर कराई

ये ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें शिकायतकर्ता कह रहा है कि ‘अभी सीएम साहब ने बैतूल में कहा था कि आप सब गुड़ की खेती कीजिएगा। मुझे अब गुड़ की खेती करनी है दो एकड़ में। उसका बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है ग्राम सेवक द्वारा और बीज कहां उपलब्ध होगा इसकी जानकारी चाहिए।’ पहले तो ऑपरेटर ने उनकी सारी बात सुनी, लेकिन कुछ देर बाद वो भी असमंजस में पड़ गईं। उन्होंने शिकायतकर्ता को दुरुस्त करने की कोशिश करते हुए पूछा ‘आपको गन्ने का बीज नहीं मिल रह है सर’। उनके इस सवाल के जवाब में चंद्रपाल सिंह ने कहा कि ‘गुड़ का बीज’ चाहिए। ऑपरेटर ने पूछा कि गुड़ का बीज क्या होता है..गुड़ तो गन्ने से बनता है। इसके जवाब में शिकायतकर्ता ने कहा कि सीएम साहब ने कहा है कि अब गुड़ का बीज आने लगा है और उन्हें गुड़ का बीज चाहिए और उसके नहीं मिलने की शिकायत दर्ज करानी है। इसके बाद अब शिकायतकर्ता की ये अजीबोगरीब शिकायत सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कर ली गई है और इस शिकायत को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही गई है।

(डिस्क्लेमर : एमपी ब्रेकिंग न्यूज़ इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है)

Shruty Kushwaha
लेखक के बारे में
Shruty Kushwaha

पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J.), 2001. 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल और लाइव इंडिया मुंबई में कार्य.

2001 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर (M.J, Masters of Journalism)। 2001 से 2013 तक ईटीवी हैदराबाद, सहारा न्यूज दिल्ली-भोपाल, लाइव इंडिया मुंबई में कार्य अनुभव। साहित्य पठन-पाठन में विशेष रूचि। View all posts by Shruty Kushwaha →
Follow Us :GoogleNews