IMD Alert : मौसम में फिर बदलाव, इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पहाड़ों पर बर्फबारी, उत्तर भारत में ठंड का कहर

weather alert today

IMD Weather Update Today : चक्रवाती तूफान के कमजोर होते ही देशभर का मौसम बदलने लगा है। एक तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे पंजाब, ​हरियाणा, दिल्ली, यूपी, बिहार और झारखंड में ठंड बढ़ने लगी है और राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है है वही दूसरी तरफ केरल कर्नाटक और तमिलनाडु समेत दक्षिण के राज्यों में बारिश का दौर जारी है। तमिलनाडु के कई स्कूलों में तो छुट्टियां घोषित कर दी गई है। इधर, मछुवारों को भी समुद्र के पास ना जाने की अपील की गई है।

मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु में अगले दो दिन मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। भारी बारिश के चलते आज तमिलनाडु के कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और विल्लुपुरम जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। 13 दिसंबर तक उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती हैं। मुंबई में बादल छाए रहेंगे और अलग-अलग हल्की बारिश होगी। 12 और 13 दिसंबर को दक्षिणी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

मंगलवार को बनेगा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र

मौसम विभाग और स्काईमेट वेदर के अनुसार 13 दिसंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने की संभावना है। आज 12 दिसंबर को आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु , लक्षद्वीप , कर्नाटक और केरल के दक्षिणी तट पर एक या दो भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।वही तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण कोंकण और गोवा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 12 और 13 दिसंबर को मध्य प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के साथ उमरिया, दमोह, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, बैतूल, होशंगाबाद, खंडवा और खरगोन पर हल्की बारिश हो सकती है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट

अगले कुछ दिनों तक गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ों पर बर्फबारी (Snowfall) के साथ बारिश के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, समेत कई राज्यों में तापमान के पारे में और गिरावट की संभावना है। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा के इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

अगले कुछ दिनों में दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, गुजरात व पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक गिरने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में कोहरे के साथ राजधानी लखनऊ में सोमवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री, नोएडा में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। 15 दिसंबर से ठंड बढ़ना शुरू हो जाएगी और 16 दिसंबर तक अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूतनम तापमान (Minimum Temperature) 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

जानें पूरे हफ्ते का हाल

आईएमडी के अनुसार, मंगलवार 13 दिसंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर में चक्रवाती हवा का क्षेत्र होने की संभावना है और 13 दिसंबर तक हवा की रफ्तार 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे से चल सकती है। 14 और 15 दिसंबर को अंडमान निकोबार में भारी बारिश होने की संभावना है। 15 दिसंबर के दौरान पूर्व मध्य और इससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।वही दिसंबर के मध्य तक बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम बनने की संभावना जताई गई है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews