पूर्व मंत्री इमरती देवी का लोकसभा चुनाव को लेकर बयान, पार्टी जिस SC सीट से कहेगी लड़ लूंगी, महाराज ग्वालियर से लड़ेंगे तो टिकट छोड़ दूंगी 

Imarti Devi

Gwalior News : लोकसभा चुनाव को लेकर अभी समय है लेकिन नेताओं में अभी से चुनाव लड़ने की इच्छा जागृत होने लगी है, ग्वालियर जिले की डबरा सीट से विधायक रही पूर्व मंत्री इमरती देवी के मन में भी लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा पैदा हो रही है उन्होंने ग्वालियर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी जिस SC सीट से चुनाव लड़ने के लिए कहेगी मैं चुनाव लड़ लूंगी , उन्होंने आगे कहा कि यदि महाराज सिंधिया ग्वालियर सीट से चुनाव लड़ेंगे तो वो टिकट वापस कर देंगी और अपने महाराज के लिए प्रचार करेंगी।

इमरती देवी का दावा 10 हजार कांग्रेस कार्यकर्ता जल्दी भाजपा ज्वाइन करेंगे  

अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाली और हमेशा चौंकाने वाली सिंधिया समर्थक नेत्री पूर्व मंत्री इमरती देवी ने कहा कि कांग्रेस ख़त्म हो चुकी है वहां भगदड़ है भाजपा मजबूत है इसलिए यहाँ सब जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस दिन महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया शिवपुरी जायेंगे उस दिन वहां 10 हजार कांग्रेस नेता कार्यकर्ता भाजपा ज्वाइन करेंगे, इसी तरह डबरा में भी बहुत से लोग कांग्रेस छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं।

महाराज चुनाव लड़ेंगे और मुझे भी टिकट मिला, तो लौटा दूंगी : इमरती

लोकसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि वो नेतागिरी में हैं तो क्यों नहीं लड़ना चाहेंगी, लेकिन जहाँ एससी सीट होगी वहां से लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश की जिस एससी सीट से टिकट देगी वो चुनाव लड़ेंगी। सिंधिया के लोकसभा चुनाव लड़ने की मांग के सवाल पर इमरती देवी ने कहा कि मैं भी चाहती हूँ कि महाराज ग्वालियर से चुनाव में उतरें, यदि वो चुनाव लड़ते हैं और मुझे यदि पार्टी टिकट भी देती है तो मैं उसे लौटा दूंगी और महाराज के लिए काम करुँगी क्योंकि हम तो उनके कार्यकर्ता हैं, सेवक हैं, सिपाही हैं।

डबरा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बताया फर्जी 

इमरती देवी ने पिछले दिनों डबरा में हुई गैंगरेप और लड़की को पुल से नीचे फेंके जाने की घटना को फर्जी बताया उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ , लड़की झूठ बोल रही है पुलिस ने भी तहकीकात की है , उन्होंने कहा कि ग्रामीण में ऐसा ही चल रहा है कि किसी को फंसाना है तो उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट लिखवा दो लेकिन हमें पुलिस पर भरोसा है वो गलत नहीं होने देगी।

[dgv_vimeo_video id=”909405657″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews