पूर्व मंत्री जीतू पटवारी का दावा, कांग्रेस फिर बनाएगी सरकार, ग्वालियर चंबल की होगी बड़ी भूमिका, सिंधिया को लेकर कही बड़ी बात

पूर्व मंत्री जीतू पटवारी का दावा, कांग्रेस फिर बनाएगी सरकार, ग्वालियर चंबल की होगी बड़ी भूमिका, सिंधिया को लेकर कही बड़ी बात

Gwalior News : कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने दावा किया है कि इस बार के चुनावों में एक बार फिर ग्वालियर चंबल संभाग के मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि जैसे पिछली बार इस क्षेत्र के मतदाताओं ने कांग्रेस की सरकार बनाने में बड़ी भूमिका निभाई थी इस बार भी ऐसा ही होगा। जीतू पटवारी ने ग्वालियर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि किसानों के हित में मेरे द्वारा सवाल पूछने पर मुझे विधानसभा से निलंबित कर दिया गया लेकिन ये मेरे लिए फख्र की बात है कि मुझे किसानों की आय दुगुनी क्यों नहीं की ये पूछने पर निलंबित किया गया, मेरे द्वारा बेरोजगारी, महंगाई से सरकार से सवाल करने पर निलंबित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार और उसके झूठ से परेशान हो चुकी है और बदलाव चाहती है।

जीतू पटवारी ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मेरी और उनकी कोई तुलना नहीं हो सकती , सिंधिया जी ने पीठ दिखाई है और मैं सीना चौड़ा कर कांग्रेस के साथ खड़ा हूँ, उनके निलंबन पर कांग्रेस नेताओं के साथ नहीं खड़े रहने के सवाल को ख़ारिज करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि मैंने ही कमल नाथ जी और नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविन्द सिंह जी से अनुरोध किया था कि सदन चलना चाहिए जिससे जनता से जुड़े मुद्दों को ज्यादा से ज्यादा उठाया जा सके, उन्होंने दावा किया कि पूरी कांग्रेस एक जुट है और पूरे बहुमत के साथ फिर से मध्य प्रदेश में सरकार बनाएगी।

ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान पर सरकार के सर्वे पर सवाल खड़े करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि जहाँ जहाँ भी ओले पड़े हैं वहां सरकार को 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से किसान को बिना सर्वे किये हुए ही देना चाहिए, ये इस समय की आवश्यकता है क्योंकि किसान की फसल चौपट हो गई है उसके पास इस समय कुछ नहीं बचा है।

[dgv_vimeo_video id=”810184366″]

[dgv_vimeo_video id=”810184564″]

[dgv_vimeo_video id=”810185002″]

पत्रकारों से बात करने से पहले पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने ग्वालियर कांग्रेस के नेताओं के साथ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, किसानों को फसल का समर्थन मूल्य दिलाने के लिए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि शिवराज सरकार लगातार मध्य प्रदेश के किसानों को लेकर झूठ बोल रही है उन्होंने कहा सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कई बार विधानसभा में कहा है कि मैं किसानों की आय दोगुनी करूंगा,लेकिन जब उनसे मैंने बार-बार यह सवाल किया तो उसके बाद उन्होंने मुझे विधानसभा से निलंबित कर दिया। अगर किसानों के हक में शिवराज सरकार से कोई सवाल पूछता है तो उसको ऐसे ही दरकिनार किया जाता है। उन्होंने कहा कि शिवराज सरकार किसानों की फसल के दाम नहीं दे पा रही है और महंगाई जो आम लोगों को मार रही है वह किसानों को भी बुरी तरह प्रभावित कर रही है। हालात ये हैं कि किसानों की फसलों की लागत बढ़ रही है और दाम लगातार घट रहे हैं। लेकिन हम किसानों को उनका हक़ दिलाकर रहेंगे। प्रदर्शन में विधायक कुणाल चौधरी, ग्वालियर जिला अध्यक्ष डॉ देवेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

[dgv_vimeo_video id=”810188895″]

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews