रक्षाबंधन पर एक्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग, ग्वालियर में मिठाई की दुकानों पर छापे, इंदौर में 800 किलो मावा जब्त

त्यौहार नजदीक आते ही नकली मावा बनाने वाला माफिया सक्रिय हो जाता है, इन दिनों मिठाई की मांग बढ़ जाती है जिसे देखते हुए सप्लाई बढ़ जाती है, व्यापारी भी मोटे मुनाफे के लालच में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से नहीं चूकते।
Food Safety Department raids

रक्षाबंधन का त्यौहार नजदीक है इसके लिए अभी से मिठाइयों का बनना शुरू हो गया है, इसका लाभ उठाते हुए नकली मावे की सप्लाई भी बढ़ रही है, इनपर नजर रखने के लिए शासन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग एक्टिव हो गया है, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एक्शन लेते हुए ग्वालियर और इंदौर में छापेमारी की है।

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन के दलों द्वारा लगातार मिठाई की दुकानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जाँच कराई जा रही है। इस कड़ी में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीमों द्वारा शहर में तीन मिष्ठान प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए।

ग्वालियर में मिठाई की दुकानों से लिए नमूने 

शहर के हनुमान चौराहा स्थित पंडित फैनी भण्डार से खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बेसन लड्डू और घेवर मिठाई के नमूने लिये। इसी प्रकार बृजवासी मिष्ठान भण्डार माधवगंज से खाद्य सुरक्षा अधिकारी निरूपमा शर्मा ने  बेसन लड्डू और मिल्ककेक के नमूने लिए। वहीं जय भोलेनाथ मिष्ठान भण्डार शिन्दे की छावनी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश सिंह निम ने रस मलाई और बूँदी के लड्डू के नमूने लिये हैं। इन नमूनों को जाँच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जायेगा। जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

इंदौर में प्रशासन का एक्शन 

इसी तरह इंदौर कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम से लगातार कार्यवाही कर रही है, आज मंगलवार को विभाग की तीन टीमों ने अलग अलग कार्यवाही करते हुए 800 किलो से अधिक मावा जब्त कर , नमूने जाँच के लिए भेजे हैं।

800 किलो मावा जब्त 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी  मनीष स्वामी के मुताबिक शहर के बाहरी क्षेत्र से लाए गए 800 किलो से अधिक मावा जब्त किया गया है। खाद्य विभाग ने सभी जब्त मावे की सैंपलिंग कराई है, जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। यदि जांच में मावा मिलावटी पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आसपास के क्षेत्रों से इंदौर में खपाने आया मावा 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि मावा लाने वाले व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया,  मावे की पोटलियों पर इंदौर के व्यापारियों के नाम लिखे हैं,  शुरुआत जानकारी में मालूम चला है कि मावा आसपास के क्षेत्रों से  आया है मामले में जांच की जा रही है।

[dgv_vimeo_video id=”1107442906″]

ग्वालियर से अतुल सक्सेना के साथ इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews