
Scindia’s statement on MP’s budget : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के बजट को ऐतिहासिक और महिलाओं के लिए क्रांतिकारी बजट बताया है। ग्वालियर दौरे पर पहुंचे सिंधिया ने मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा को बधाई और धन्यवाद दिया।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में ये स्पष्ट है कि हमारी सरकार एक समावेशी और समग्र विकास वाली और अन्त्योदय का लक्ष्य लेकर चलने वाली सरकार है, देश के हर कोने तक यही संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है, जनता का विश्वास जनता का साथ आशीर्वाद हमारी इस त्रिमूर्ति के साथ है और यही स्पष्ट रूप से चुनाव के नतीजे भी बता रहे हैं।
MP का बजट विकासोन्मुखी
मध्य प्रदेश के बजट की तारीफ करते हुए सिंधिया ने इसे एक लोकोन्मुखी बजट बताया। सिंधिया ने कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार द्वारा पेश बजट सबका साथ सबका विकास वाला बजट है ये 4000 लोगों से विचार विमर्श के मंथन में से जो अमृत निकला है वो बजट है।
लाड़ली बहना योजना क्रांतिकारी कदम
सिंधिया ने कहा कि ये कोई भाजपा का बजट नहीं है ये प्रदेश की 9 करोड़ जनता का बजट है, उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी के बाद लाड़ली बहना योजना शुरू की गई है इसके लिए मैं मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देता है, ये महिला सशक्तीकरण के तरफ बढ़ता कदम हैं, सिंधिया ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में मध्य प्रदेश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इकोनॉमी में MP देश का नंबर वन राज्य होगा
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि इस बजट में अधोसंरचना विकास को सरकार ने पूरा महत्व दिया है, उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी जहां देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं वहीं मुझे विश्वास है कि मध्य प्रदेश 550 बिलियन डॉलर की इकोनॉमी बनेगा और देश में नंबर एक राज्य बनेगा। सिंधिया ग्वालियर के दौरे पर आये हैं और यहाँ विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण करेंगे एवं कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
[dgv_vimeo_video id=”803806037″]
ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

